कान्स फिल्म फेस्टिवल 2026 में प्रदर्शित हाेगी मौनी रॉय की ये फिल्म, उपन्यास पर है आधारित
क्या है खबर?
दुनिया के प्रतिष्ठित फिल्मी आयोजनों में से एक, कान्स फिल्म फेस्टिवल 2026 के लिए उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है। 12 मई से 23 मई, 2026 चलने वाले इस भव्य समारोह में मौनी रॉय शिरकत करने के लिए तैयार हैं। इस बार रेड कार्पेट पर उनका आना और भी खास होगा, क्योंकि उनकी इंडो-अमेरिकन फिल्म 'बॉम्बे स्टोरीज' काे समारोह में प्रदर्शित किया जाएगा। शाह काजमी द्वारा निर्देशित यह फिल्म सआदत हसन मंटो के उपन्यास पर 'बॉम्बे स्टोरीज' पर आधारित है।
पुष्टि
निर्देशक ने फिल्म की स्क्रीनिंग की पुष्टि की
वैरायटी इंडिया के मुताबिक, निर्देशक काजमी ने इस साल मार्चे डू फिल्म में फिल्म की स्क्रीनिंग की पुष्टि की। उन्होंने कहा, "इसे कान्स फिल्म मार्केट में प्रदर्शित किया जाएगा। 19 मई को कान्स से और ज्यादा जानकारी जारी की जाएगी। हम पोस्टर लॉन्च भी कर रहे हैं। यह एक सशक्त महिला-केंद्रित फिल्म है जिसमें एक संदेश है। यह भारतीय उपमहाद्वीप के महानतम लेखकों में से एक द्वारा लिखित एक संकलन पर आधारित है।"
फिल्म
फिल्म की कहानी और कास्ट
निर्देशक ने कहा, "मेरी यात्रा 2016 में कान्स से शुरू हुई। जब हम मंटो की विभाजन संबंधी कहानियों पर आधारित फिल्म 'मंटोस्तान' (2017) बना रहे थे, तब मुझे इस फिल्म समारोह के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं थी। सौभाग्य से, हमें कान्स में जगह मिली और इस मंच ने हमें काफी पहचान दिलाई है।" फिल्म में मौनी के अलावा, अनुप्रिया गोयनका और सुष्मिता सिंह भी अहम किरदार में हैं। इसकी कहानी शहर की सेक्स वर्करों की जिंदगी पर आधारित है।