LOADING...
मौनी रॉय-सूरज नांबियार ने शादी के 4 साल बाद किया तलाक का ऐलान, दोस्ती रहेगी बरकरार
मौनी रॉय और सूरज नांबियार ने की तलाक की घाेषणा

मौनी रॉय-सूरज नांबियार ने शादी के 4 साल बाद किया तलाक का ऐलान, दोस्ती रहेगी बरकरार

May 14, 2026
07:09 pm

क्या है खबर?

मनोरंजन जगत की मशहूर अभिनेत्री मौनी रॉय और उनके पति सूरज नांबियार ने शादी के 4 साल बाद एक-दूसरे से अलग होने का फैसला कर लिया है। पिछले काफी समय से सोशल मीडिया पर उनके रिश्ते को लेकर कई तरह की अटकलें लगाई जा रही थीं। अब इस जोड़ी ने आधिकारिक तौर पर अपने तलाक पर मोहर लगा दी है। मौनी-सूरज ने साझा किया कि उन्होंने आपसी सहमति से अलग होने का फैसला किया है।

ऐलान

शादी के 4 साल बाद अलग हुए मौनी-सूरज

सोशल मीडिया पर साझा किए गए एक संयुक्त बयान में मौनी ने अपने निजी जीवन पर पड़ रहे अनावश्यक और दखल देने वाले ध्यान पर निराशा व्यक्त की और खुलासा किया कि उन्होंने अलग होने का फैसला कर लिया है। बयान में लिखा गया, 'हम मीडिया के कुछ हलकों द्वारा हमारे निजी जीवन में दी जा रही अनावश्यक और दखल देने वाली तवज्जो को निराशा के साथ देख रहे हैं। ये हमारे निजी जीवन का मामला है।'

ऐलान

आपसी सहमति से लिया अलग होने का फैसला

मौनी और सूरज ने आगे स्पष्ट किया, 'हमने यह निर्णय अपनी व्यक्तिगत प्राथमिकताओं और जीवन के बदलते नजरिए को ध्यान में रखते हुए लिया है। ये फैसला आपसी सहमति और सम्मान से लिया गया है। हम अपने जीवन के इस कठिन समय में निजता की उम्मीद करते हैं। फिलहाल हमारा पूरा ध्यान इस कठिन दौर से गरिमा के साथ गुजरने पर है। उम्मीद हैं कि भविष्य में हमारे बीच अच्छी दोस्ती बनी रहेगी। कृपया हमारी निजता का सम्मान किया जाए।'

Advertisement

ट्विटर पोस्ट

यहां देखिए पोस्ट

Advertisement

अपील

मौनी ने लिखा- झूठी खबरें न फैलाएं

मौनी ने इस पोस्ट के साथ एक कैप्शन भी लिखा, जिसमें उन्होंने लोगों और मीडिया घरानों से झूठी खबरें न फैलाने की अपील की। उन्होंने लिखा, 'मैं विनम्रतापूर्वक सभी से अनुरोध करती हूं कि हमें निजता और सम्मान दें और मेरे या सूरज के बारे में कोई भी झूठी कहानी न फैलाएं। उम्मीद है कि आप इस कठिन समय में हमारी निजता का ध्यान रखेंगे। सभी मीडिया घरानों से मेरा विनम्र निवेदन है कि कृपया (गलत खबरें फैलाना) बंद करें।'

रिश्ता

मौनी-सूरज की पहली मुलाकात और शादी

मौनी-सूरज की पहली मुलाकात साल 2019 में दुबई में हुई थी। अपनी शादी तक उन्होंने अपने रिश्ते को दुनिया की नजरों से छिपाकर रखा था। हालांकि, सोशल मीडिया पर उनकी छुट्टियों और साथ बिताए पलों की तस्वीरों ने फैंस का ध्यान खींचना शुरू कर दिया था। दोनों ने 27 जनवरी, 2022 को गोवा के कैंडोलिम स्थित 'हिल्टन गोवा रिसॉर्ट' में शादी रचाई थी। अपनी-अपनी संस्कृतियों का सम्मान करते हुए उन्होंने मलयाली और बंगाली दोनों रीति-रिवाजों से सात फेरे लिए थे।

Advertisement