Page Loader
अब तक सबसे ज्यादा बजट में बनी हैं हॉलीवुड की ये फिल्में

अब तक सबसे ज्यादा बजट में बनी हैं हॉलीवुड की ये फिल्में

Dec 26, 2020
08:00 am

क्या है खबर?

पूरी दुनिया में हर साल हजारों फिल्में बनती हैं। उनमें से कुछ फिल्में इतिहास रचती हैं, तो कुछ औंधे मुंह बॉक्स ऑफिस पर गिर जाती हैं। इसके बारे में सभी लोग जानते हैं, लेकिन क्या आपने कभी फिल्मों के बजट के बारे में सोचा है। फिल्म बनाने के लिए काफी काम करने पड़ते हैं। इसलिए उनका बजट करोड़ों-अरबों में पहुंच जाता है। इसलिए, आज हम आपको हॉलीवुड में बनी अब तक की पांच सबसे महंगी फिल्मों के बारे में बताएंगे।

#1

पाइरेट्स ऑफ द कैरिबियन: ऑन स्ट्रेंजर टाइड्स (2011)- बजट: 41 करोड़ डॉलर

रॉब मार्शल द्वारा निर्देशित फिल्म 'पाइरेट्स ऑफ द कैरिबियन: ऑन स्ट्रेंजर टाइड्स' हॉलीवुड में बनी अब तक की सबसे महंगी फिल्म है। खबरों के अनुसार, फिल्म का बजट लगभग 410.6 मिलियन डॉलर (41 करोड़ डॉलर) था। फिल्म में सबसे ज्यादा खर्च इसके CGI के लिए किया गया था। इसके अलावा फिल्म के कलाकारों ने भी काफी पैसा लिया था। आपको जानकर हैरानी होगी कि जैक स्पैरो का किरदार निभाने के लिए अकेले जॉनी डेप ने 5.55 करोड़ डॉलर लिए थे।

#2

अवेंजर्स: एज ऑफ अल्ट्रॉन (2015)- बजट: 36.5 करोड़ डॉलर

जॉस व्हेडन द्वारा निर्देशित फिल्म 'अवेंजर्स: एज ऑफ अल्ट्रॉन' हॉलीवुड में बनी अब तक की दूसरी सबसे महंगी फिल्म है। जानकारी के अनुसार, इस फिल्म को बनने में लगभग 365 मिलियन डॉलर (36.5 करोड़ डॉलर) खर्च हुए थे। आपको जानकर हैरानी होगी कि सुपरहीरो वाली इस फिल्म के पूरे बजट का 80% केवल फाइनल वॉर वाले सीन की शूटिंग के ऊपर खर्च हुआ था। हालांकि, कमाई के मामले में इस फिल्म ने कोई बड़ा रिकॉर्ड कायम नहीं किया था।

#3

अवेंजर्स: एंडगेम (2019)- बजट 35.6 करोड़ डॉलर

जो रूसो और एंथनी रूसो द्वारा निर्देशित फिल्म 'अवेंजर्स: एंडगेम' अवेंजर्स फिल्म सीरीज की आखिरी फिल्म है। यह हॉलीवुड में बनी अब तक की तीसरी सबसे महंगी फिल्म है, जिसका बजट लगभग 356 मिलियन डॉलर (35.6 करोड़ डॉलर) था। हालांकि, फिल्म देखने के बाद समझ में आ जाता है कि इसके ऊपर खर्च किया गया एक-एक पैसा सही से इस्तेमाल किया गया था। इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर लगभग 900 मिलियन डॉलर (90 करोड़ डॉलर) का लाभ कमाया था।

#4

अवेंजर्स: इन्फिनिटी वॉर (2018)- बजट 32.2 करोड़ डॉलर

जो रूसो और एंथनी रूसो द्वारा निर्देशित फिल्म 'अवेंजर्स: इन्फिनिटी वॉर' हॉलीवुड में बनी अब तक की चौथी सबसे महंगी फिल्म है। खबरों के अनुसार, इस फिल्म का बजट लगभग 322 मिलियन डॉलर (32.2 करोड़ डॉलर) था। हालांकि, कुछ खबरों के अनुसार, फिल्म का वास्तविक बजट 400 मिलियन डॉलर (40 करोड़ डॉलर) था, लेकिन उसकी पुष्टि नहीं हुई। इस फिल्म को भी देखने पर अहसास होता है कि इसमें खर्च हुआ एक-एक पैसा सही जगह इस्तेमाल हुआ है।

#5

जस्टिस लीग (2017)- बजट 30 करोड़ डॉलर

जॉस व्हेडन और जैक स्नाइडर द्वारा निर्देशित फिल्म 'जस्टिस लीग' हॉलीवुड में बनी अब तक की पांचवी सबसे महंगी फिल्म है। जानकारी के अनुसार, इस फिल्म को बनाने में लगभग 300 मिलियन डॉलर (30 करोड़ डॉलर) खर्च हुए थे। हालांकि, कुछ खबरों के अनुसार, इस फिल्म के डायरेक्टर्स कट में अलग से 70 मिलियन डॉलर (सात करोड़ डॉलर) खर्च हुए थे। इस हिसाब से देखा जाए तो यह हॉलीवुड में बनी अब तक की दूसरी सबसे महंगी फिल्म होगी।