'मिर्जापुर: द मूवी' में जितेंद्र कुमार को लेने पर निर्देशक बोले- उनका आना वरदान साबित हुआ
क्या है खबर?
अली फजल की फिल्म 'मिर्जापुर: द मूवी' पिछले महीने सिनेमाघरों में आई थी। दुनियाभर में अब तक 300 करोड़ रुपये से ज्यादा कमा चुकी इस फिल्म का निर्देशन गुरमीत सिंह ने किया है। हाल ही में, निर्देशक ने विक्रांत मैसी की जगह फिल्म में 'बबलू पंडित' के किरदार के लिए जितेंद्र कुमार को लेने पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने माना कि कुछ रचनात्मक और काल्पनिक करने की खूबसूरती यही है कि एक कलाकार के रूप में, हमेशा विकल्प होने चाहिए।
फैसला
कोई सफर किसी से बंधा नहीं होता- गुरमीत
इंडियन एक्सप्रेस से बातचीत में गुरमीत ने कहा, "रचनाकारों के रूप में, अभिनेताओं के रूप में, हम सभी सबसे ज्यादा क्या चाहते हैं? विकल्प होना और उन विकल्पों को चुनने में सक्षम होना। और यह एक अच्छा सबक है कि हर किसी को अपने दिल की बात माननी चाहिए। कोई कहानी, कोई किरदार, कोई सफर किसी से बंधा नहीं होता, है ना? शो हमेशा आगे बढ़ता रहेगा और यही खूबसूरती हम इससे सीख सकते हैं।"
नतीजा
जितेंद्र के आने से शो में नई ऊर्जा आई- गुरमीत
निर्देशक ने आगे कहा, "जितेंद्र के आने से शो में एक नई ऊर्जा आई। इसने फिल्म को अपनी एक अलग पहचान भी दी। इससे किरदार को एक नई पहचान मिली, जो शो से बिल्कुल अलग है, और यही हम हमेशा से चाहते थे।"
उन्होंने जितेंद्र को लेने के अपने फैसले को सही ठहराते हुए कहा, "इसलिए यह एक तरह से वरदान साबित हुआ। हम बबलू के किरदार को नए सिरे से गढ़ने और उसे अधिक सशक्त बनाने में सक्षम हुए।"
उद्देश्य
अपनी असफलताओं को हमेशा अपने फायदे में बदलें- गुरमीत
गुरमीत ने कहा, "मुझे लगता है कि हमने इससे एक बड़ी सीख ली है, कि अपनी असफलताओं को हमेशा अपने फायदे में बदलें, क्योंकि रचनात्मकता का यही उद्देश्य होता है। आगे देखें तो, फिल्म की सफलता को देखते हुए, मुझे लगता है कि इससे हमारे लिए कई नए रास्ते खुले हैं।"
बता दें, अमेजन प्राइम वीडियो पर आई 'मिर्जापुर' सीरीज के पहले सीजन में विक्रांत ने 'बबलू पंडित' का किरदार निभाया था। इसके अब तक 3 सीजन आ चुके हैं।