मनोज बाजपेयी का बॉलीवुड पर तंज- यहां सब मतलब के साथी, सिर्फ अपना फायदा देखते हैं
क्या है खबर?
अभिनेता मनोज बाजपेयी हाल ही में फिल्म 'लास्ट मैन इन टावर' में नजर आए हैं। इसमें वो एक ऐसे व्यक्ति का किरदार निभा रहे हैं, जो पूरी सोसायटी के विरोध के बावजूद अपनी बिल्डिंग को दोबारा बनाने के फैसले के खिलाफ खड़ा रहता है। मनोज का मानना है कि फिल्म की कहानी असल जिंदगी के साथ बॉलीवुड से भी जुड़ी है, जहां एकता की कमी है और लोग अपने फायदे के लिए अपनों के खिलाफ खड़े हो जाते हैं।
हमला
बॉलीवुड में सिर्फ मतलब के लिए साथ रहते हैं लोग- मनोज बाजपेयी
मनोज बोले, "हर कोई यहां सिर्फ अपनी जरूरत और मजबूरी के लिए है। जब तक सब एक ही बात पर सहमत रहते हैं, तब तक सब एक-दूसरे के साथ अच्छे बने रहते हैं, लेकिन जैसे ही किसी बात पर असहमति होती है तो बहुत ही गंदी लड़ाइयां देखने को मिलती हैं। इतनी ज्यादा जलन और प्रतिस्पर्धा है कि आपको शक होने लगता है कि क्या ये वाकई एक परिवार है या क्या यहां लोग एक-दूसरे का भला सोचते भी हैं।"
दो-टूक
"कोई मुसीबत में होता है तो यहां कोई आवाज नहीं उठाता"
अभिनेता ने कहा, "जब कोई मुसीबत में होता है तो कोई आवाज नहीं उठाता, ना ही कोई किसी का भला चाहता है। 60 के दशक के बाद से इंडस्ट्री का यही तरीका रहा है। हम इसी तरह नीचे गिर रहे हैं और धीरे-धीरे बंटते जा रहे हैं। हमारे दोस्तों और लोगों के अलग-अलग ग्रुप हैं, जिनके साथ हम उठते-बैठते हैं और बाहर से आने वाले किसी भी व्यक्ति को शक, संदेह या एक प्रतिद्वंद्वी के रूप में देखा जाता है।"
एकता
बॉलीवुड में भाईचारे की कमी पर कही ये बात
अभिनेता ने आगे कहा, "ऐसी कोई इमारत या इलाका नहीं है जिसे फिल्म इंडस्ट्री कहा जा सके। चारों तरफ दफ्तर हैं, हर जगह ऑडिशन या वर्कशॉप की जगहें हैं, लेकिन न तो भावनात्मक तौर पर और न ही पेशेवर रूप से कोई भाईचारे की भावना नजर आती है। यहां कई प्रोडक्शन हाउस हैं, लेकिन वे दूसरों के बारे में नहीं सोचते, बल्कि स्वार्थी होकर सिर्फ अपना ही फायदा देख रहे हैं।"
दूरी
कोई भी एक-दूसरे को अपनाने को तैयार नहीं- मनोज बाजपेयी
मनोज बाजपेयी का कहना है कि बॉलीवुड में बड़े बजट की फिल्मों और छोटे बजट की फिल्मों के बीच दूरी बढ़ती जा रही है।
उन्होंने कहा कि बड़ी फिल्मों से जुड़े लोग छोटे बजट की फिल्में बनाने वालों को गंभीरता से नहीं लेते और उनका मजाक उड़ाते हैं, वहीं छोटे बजट के फिल्मकार भी बड़ी फिल्मों को पसंद नहीं करते। मनोज के मुताबिक, दोनों तरफ से गलती है और कोई भी एक-दूसरे को अपनाने के लिए तैयार नहीं है।