मनोज बाजपेयी को क्यों होने लगी अपने बचपन से नफरत? खुद किया खुलासा
क्या है खबर?
अभिनेता मनोज बाजपेयी इन दिनों नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुई अपनी फिल्म 'गजब रात' का प्रमोशन कर रहे हैं। इसी दौरान उन्होंने 'इंडियन फिल्म प्रोजेक्ट फेस्टिवल' में बातचीत के दौरान कहा कि वो पॉडकास्ट से तंग आ चुके हैं। उन्होंने अपनी नापसंदगी के बारे में खुलकर बात करते हुए कहा कि वह अपने अतीत और बचपन की कहानियों को बार-बार सुनाकर अब थक चुके हैं।
नफरत
मनोज क्यों करने लगे हैं अपने बचपन से नफरत?
मनोज ने कहा, "मैं अब पॉडकास्ट में नहीं जाता। मैं अपने बचपन के बारे में बात करके अब ऊब चुका हूं। नौबत यहां तक आ गई है कि मुझे अपने बचपन से ही नफरत होने लगी है कि मैं किसी गांव में क्यों पैदा हुआ? मेरा इतना लंबा सफर क्यों रहा? काश मेरा जन्म भी दिल्ली में हुआ होता, तो मुझे मुंबई तक पहुंचने के लिए बस एक ही सफर करना पड़त।
संघर्ष
मनोज ने किया संघर्ष के दिनों को याद
मनोज ने आगे कहा, "लेकिन जब मेरा जन्म एक गांव में हुआ, तब मुंबई पहुंचने के लिए मुझे एक बस से दूसरी बस में कूदना पड़ता था। भला ऐसा कौन चाहेगा? लोग इसे एक प्रेरणादायक सफर कहते हैं, लेकिन जब आप खुद इससे गुजर रहे होते हैं, तो यह किसी बुरे सपने से कम नहीं होता और बिना पैसों के, बस 5 दिन इस तरह जी कर देखिए जिंदगी जीने का सारा रोमांच गायब हो जाएगा।"
जानकारी
बचपन में मनोज ने किया था आर्थिक परेशानियों का सामना
बता दें मनोज बिहार के एक छोटे से गांव के किसान परिवार में पले-बढ़े हैं। बचपन के दौरान उन्हें अपने परिवार में कई आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ा। इसके बाद मुंबई आकर भी उनका संघर्ष काफी लंबा रहा था।