फिल्म 'मंजुम्मेल बॉयज' के निर्देशक चिदंबरम पर यौन उत्पीड़न का आरोप, FIR दर्ज
क्या है खबर?
2024 में रिलीज हुई फिल्म 'मंजुम्मेल बॉयज' के निर्देशक और मलयालम फिल्म निर्माता चिदंबरम के खिलाफ कोच्चि पुलिस ने मामला दर्ज किया है। यह कार्रवाई एक महिला द्वारा कथित तौर पर लगाए गए यौन उत्पीड़न के आरोपों के आधार पर की गई है। पुलिस ने बताया कि महिला द्वारा दर्ज शिकायत के अनुसार, यह घटना 2022 में कोच्चि के एक अपार्टमेंट में हुई थी, जब फिल्म निर्माता कथित तौर पर शिकायतकर्ता के फ्लैट में घुसे और उसे परेशान किया।
मामला
औपचारिक बयान के आधार पर मामला दर्ज
ई-टाइम्स के मुताबिक, कोच्चि पुलिस ने शिकायतकर्ता के औपचारिक बयान के आधार पर मामला दर्ज किया है। पुलिस ने बताया कि फिल्म निर्माता के खिलाफ 2 मामले दर्ज किए गए हैं: महिला की गरिमा को ठेस पहुंचाने के इरादे से हमला करना और महिला के साथ अनुचित व्यवहार करना। अधिकारियों के अनुसार, FIR सिर्फ महिला के बयान के आधार पर दर्ज हुई है। आगे की कार्रवाई सभी प्रासंगिक विवरणों की विस्तृत जांच करने के बाद ही शुरू की जाएगी।
नोटिस
चिदंबरम को पूछताछ के लिए जारी होगा नोटिस
इंडियन एक्सप्रेस के अनुसार, पुलिस अधिकारियों ने बताया कि वह निर्माता चिदंबरम से पूछताछ करने के लिए उन्हें पेश होने का नोटिस जारी करेंगे। हालांकि, निर्माता की ओर से इन आरोपों पर अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। काम की बात करें तो 'मंजुम्मेल बॉयज' के बाद, चिदंबरम अपनी आगामी फिल्म में व्यस्त चल रहे हैं, जिसका शीर्षक 'बालन' रखा गया है। फिल्म से जुड़ी ज्यादा जानकारी सामने नहीं आई है।