मंजरी फडनीस फूट-फूटकर रोईं, बोलीं- हमारे माइकी की बेरहमी से हत्या कर दी
क्या है खबर?
कपिल शर्मा की फिल्म 'किस किसको प्यार करूं' (2015) में नजर आईं अभिनेत्री मंजरी फडनीस ने सोशल मीडिया पर भावुक कर देने वाला वीडियो साझा किया है। इसमें उन्होंने बताया कि कैसे हाउसिंग सोसायटी के माइकी नाम के एक कुत्ते की कुछ लोगों ने बेरहमी से हत्या कर दी। अभिनेत्री ने बताया कि उन्हें किसी जानकार से पता चला कि माइकी को बेरहमी से पीटा गया था। फिर उसे अधमरी हालत में समुद्र तट पर फेंक दिया गया।
दुख
मंजरी ने बताया कि सोसायटी से लापता हो गया था माइकी
मंजरी ने अपने इंस्टाग्राम पर वीडियो साझा करते हुए बताया कि उनकी सोसायटी में रहने वाला माइकी (कुत्ता) पिछले महीने लापता हो गया था। 3-4 दिन बीतने के बाद उसकी तलाशी शुरू की। एक हफ्ते से ज्यादा समय बीतने के बाद, उन्हें किसी जानकार से पता चला कि यहां रहने वाले किसी व्यक्ति ने उसे मार डाला। बाद में उसने यह बात भी कबूली। अभिनेत्री ने बताया कि व्यक्ति ने माइकी को बोरी में भरकर खाली जगह पर फेंक दिया।
न्याय
इन सितारों ने माइकी के लिए न्याय की मांग की
हिंदुस्तान टाइम्स से बातचीत में, मंजरी ने कहा कि वह और माइकी के कुछ अन्य दोस्त उसके अपराधी के खिलाफ कार्रवाई करने पर विचार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें अंदाजा नहीं है कि माइकी जिंदा बचा या नहीं, उसके शव की तलाश चल रही है। उधर अभिनेत्री के वीडियो पर भूमि पेडनेकर, रिद्धिमा पंडित और विक्रम फडनीस जैसे कई सितारों ने प्रतिक्रिया दी है और माइकी के लिए न्याय की मांग की है।