मनीषा कोइराला का 'हीरामंडी' के बाद बड़ा धमाका, हॉलीवुड इंडी फिल्म 'काउगर्ल्स एंड इंडियंस' का ऐलान
क्या है खबर?
वेब सीरीज 'हीरामंडी' की सफलता के बाद अभिनेत्री मनीषा कोइराला एक बड़े अंतरराष्ट्रीय प्रोजेक्ट से जुड़ गई हैं। वो इंडिपेंडेंट फिल्म 'काउगर्ल्स एंड इंडियंस' में मुख्य भूमिका निभाती नजर आएंगी। इस प्रोजेक्ट की शूटिंग इसी साल नवंबर में अमेरिका के टेक्सास राज्य के ऑस्टिन और आसपास के इलाकों में शुरू होगी। फिल्म का निर्देशन निकोल फेलो तेजल देसाई कर रही हैं, जिन्होंने इसकी कहानी भी लिखी है। पहले इस फिल्म का नाम 'काउबॉयज एंड इंडियंस' रखा गया था।
शूटिंग
अमेरिका में शुरू होगी 'काउगर्ल्स एंड इंडियंस' की शूटिंग
मनीषा कोइराला अब एक खास अमेरिकी फिल्म 'काउगर्ल्स एंड इंडियंस' में दिखाई देंगी। इसकी शूटिंग इसी साल नवंबर में टेक्सास के ऑस्टिन में शुरू होगी।
इस फिल्म की निर्देशक तेजल देसाई हैं। कहानी एक अधेड़ उम्र की भारतीय महिला के इर्द-गिर्द घूमती है, जो अमेरिका में अपनी पहचान, संस्कृति और नई दोस्ती के संघर्ष को जीती है।
ये कहानी भारतीय संस्कारों और अमेरिकी जीवनशैली के अनोखे संगम को बड़े ही दिलचस्प अंदाज में दिखाती है।
उत्साह
मनीषा ने जताई फिल्म को लेकर उत्सुकता
वैराइटी से उम्रदराज महिलाओं के रोल पर बात करते हुए मनीषा ने कहा, "एक उम्र के बाद महिलाओं के लिए ज्यादा रोल नहीं लिखे जाते। हालांकि, अब धीरे-धीरे बदलाव आ रहा है। जब निर्देशक और लेखक तेजल देसाई ने मुझे फिल्म की स्क्रिप्ट सुनाई तो मुझे लगा कि ये कहानी सीमाओं से परे जाने का दम रखती है। मैं टेक्सास के मैदानों में घोड़े की सवारी करते हुए चाय की चुस्कियां लेने के लिए उत्सुक हूं।"
सराहना
मनीषा के मुरीद हुए निर्देशक
निदेशक के मुताबिक, 'काउगर्ल्स एंड इंडियंस' अमेरिका में खुद को तलाशती एक अधेड़ उम्र की भारतीय महिला 'आशा' की कहानी है।
मनीषा की तारीफ कर उन्होंने कहा, "दिल से' से लेकर 'हीरामंडी' तक मनीषा के अभिनय में गजब की गहराई और सच्चाई दिखी है। आशा के किरदार के लिए ऐसी अदाकारा चाहिए थी, जिसकी आंखों में उसकी पूरी कहानी और ताकत दिखे। मनीषा का वास्तविक जीवन का संघर्ष और जुझारूपन इस किरदार के सफर से पूरी तरह मेल खाता है।"