अक्षय कुमार की बेटी नितारा ने दिखाई बहादुरी, सूझ-बूझ से पकड़वाया साइबर अपराधी
क्या है खबर?
अक्षय कुमार की बेटी नितारा एक ऑनलाइन गेम के दौरान साइबर बदसलूकी का शिकार हुई थीं। अब महाराष्ट्र साइबर सेल ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। अक्षय ने खुद इस घटना का खुलासा करते हुए बेटी की बहादुरी की तारीफ की थी, जब डरे बिना नितारा ने तुरंत अपने माता-पिता को इसकी जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी को धर दबोचा। अक्षय ने बताया था कि कैसे उनकी बेटी ने इस मुश्किल स्थिति को समझदारी से संभाला।
कार्रवाई
आरोपी ने अक्षय की बेटी से की थी अश्लील मांग
महाराष्ट्र साइबर पुलिस ने अक्षय की 13 वर्षीय बेटी नितारा को आपत्तिजनक मैसेज भेजने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। जानकारी के मुताबिक, नितारा ऑनलाइन वीडियो गेम खेल रही थीं, तभी एक अनजान शख्स ने उनसे संपर्क किया और उनसे नग्न तस्वीर भेजने की मांग की। नितारा ने समझदारी दिखाते हुए तुरंत इसकी जानकारी अपने माता-पिता को दी, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को दबोच लिया है।
समझदारी
नितारा की समझदारी ने टाला साइबर खतरा
नितारा बिलकुल भी नहीं घबराईं। उन्होंने तुरंत गेम बंद किया और अपनी मां ट्विंकल खन्ना को सब कुछ सच-सच बता दिया। बाद में अक्षय ने अपनी बेटी की बहादुरी और समझदारी की जमकर तारीफ की। अक्टूबर, 2025 में मुंबई में आयोजित एक साइबर जागरूकता कार्यक्रम के दौरान अक्षय ने खुद ये पूरा वाकया साझा किया था। उन्होंने स्कूलों से आग्रह किया था कि वे बच्चों को इंटरनेट सुरक्षा के बारे में जरूर सिखाएं।
सतर्कता
नितारा की सतर्कता से दबोचा गया साइबर अपराधी
महाराष्ट्र साइबर के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (ADGP) यशस्वी यादव ने 24 अप्रैल, 2026 को गिरफ्तारी की पुष्टि की। वो आरडी. नेशनल कॉलेज में एक साइबर जागरूकता सत्र के दौरान बोल रहे थे। इस दौरान यादव ने कहा कि नितारा द्वारा अपने माता-पिता को तुरंत दी गई जानकारी ने पुलिस की उस आराेपी को तेजी से पकड़ने में मदद की। उन्होंने इस मामले को एक उदाहरण बताया कि कैसे ऑनलाइन अजनबी बहुत जल्दी खतरनाक हो सकते हैं।