मलयालम सुपरस्टार मोहनलाल ने मांगी माफी, 50 साल के करियर में पहली बार हुआ ऐसा
वीजा में आई तकनीकी समस्या की वजह से मलयालम सिनेमा के सुपरस्टार मोहनलाल को सिडनी (ऑस्ट्रेलिया) में होने वाला अपना बहुप्रतीक्षित स्टेज शो रद्द करना पड़ा है। इस घटना पर अभिनेता ने गहरा अफसोस जताया है।
सिंगापुर से जारी एक वीडियो संदेश में मोहनलाल ने इस पूरी स्थिति की जिम्मेदारी खुद ली। उन्होंने भावुक होते हुए बताया कि भारतीय फिल्म इंडस्ट्री में लगभग 50 साल बिताने के बाद यह उनके करियर का पहला मौका है, जब वीजा न मिल पाने के कारण उन्हें अपना कोई शो रद्द करना पड़ा हो। उन्होंने आयोजकों और प्रशंसकों से इस असुविधा के लिए दिल से माफी मांगी है।
दोबारा शो करने का वादा
मोहनलाल ने कॉयल इवेंट्स के विमल और उनकी टीम को उनकी कोशिशों के लिए शुक्रिया कहा। उन्होंने उन प्रशंसकों के लिए भी खेद जताया, जो दूर-दूर से उनका शो देखने पहुंचे थे। मोहनलाल ने सभी को भरोसा दिलाया कि यह कार्यक्रम दोबारा आयोजित किया जाएगा और कहा, "हम उसी टीम के साथ आपके सामने एक शानदार शो लेकर आएंगे।"