राजकुमार राव की 'प्रहार' पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने लुटाया प्यार, 'छावा' से कर दी तुलना
क्या है खबर?
अभिनेता राजकुमार राव अपनी आगामी फिल्म 'प्रहार: द अनटोल्ड स्टोरी ऑफ उज्ज्वल निकम' के जरिए देश के चर्चित वकील उज्ज्वल निकम की कहानी को बड़े पर्दे पर लाने के लिए तैयार हैं। मंगलवार को मुंबई के ऐतिहासिक छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (CSMT) में एक भव्य समारोह के दौरान निर्माताओं ने फिल्म का ट्रेलर जारी किया। इस खास अवसर पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस भी मौजूद रहे, जिन्होंने फिल्म की पूरी टीम और राजकुमार के अभिनय की जमकर सराहना की।
बयान
"चाहते तो कसाब को वहीं गोली मार सकते थे"
फडणवीस ने 26/11 मुंबई आतंकी हमलों और उसके बाद लड़ी गई कानूनी लड़ाई पर आधारित विषय चुनने के लिए मैडॉक फिल्म्स के निर्माताओं का आभार व्यक्त किया।
इसी के साथ उन्होंने कहा, "अगर हम चाहते तो शायद अजमल कसाब को वहीं मार सकते थे। हम उसे गोली मार सकते थे, लेकिन हमारी पुलिस और न्याय प्रणाली ने सोच-समझकर दुनिया को दिखाया कि भारत ऐसा देश है, जहां आतंकवादियों के खिलाफ भी कानून के मुताबिक ही सख्त कार्रवाई की जाती है।"
पर्दाफाश
निकम ने दुनिया के सामने बेनकाब की पाकिस्तान की घटिया सोच- फडणवीस
मुख्यमंत्री बोले, "मैं उज्ज्वल निकम जी का धन्यवाद करना चाहूंगा, क्योंकि उन्होंने न केवल एक आतंकवादी को फांसी की सजा दिलाना सुनिश्चित किया, बल्कि इसके पीछे की साजिश और मंशा को भी पूरी दुनिया के सामने उजागर किया। ये राज्य-प्रायोजित आतंकवाद था और उज्ज्वल निकम जी ने आतंकवाद के पीछे पाकिस्तान की इस घटिया सोच को पूरी तरह से साबित किया।"
फडणवीस ने निकम की पेशेवर निष्ठा, समर्पण और देशभक्ति की सराहना की, जिसके साथ उन्होंने इस मामले को संभाला।
अनुरोध
मुख्यमंत्री ने की 'प्रहार' देखने की अपील
फडणवीस ने 26/11 में शहीद जवानों के बलिदान को उजागर करने का श्रेय उज्ज्वल निकम को दिया।
फिल्म 'प्रहार' की तारीफ करते हुए उन्होंने कहा, "राजकुमार राव और पूरी टीम ने बेहतरीन काम किया है। ये फिल्म महज मनोरंजन नहीं, बल्कि एक खास संदेश देती है।"
'छावा' में छत्रपति संभाजी महाराज की गाथा का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि 'प्रहार' भी उसी तरह प्रेरणादायक फिल्म है। मुख्यमंत्री ने लोगों से इस फिल्म को देखने की अपील भी की।
किरदार और कहानी
राजकुमार राव बने उज्ज्वल निकम
फिल्म 'प्रहार: द अनटोल्ड स्टोरी ऑफ उज्ज्वल निकम' में राजकुमार मशहूर सरकारी वकील उज्ज्वल निकम की भूमिका निभा रहे हैं।
फिल्म का निर्देशन अविनाश अरुण ने किया है, जबकि दिनेश विजान इसके निर्माता हैं।
वामिका गब्बी, जयदीप अहलावत और सिकंदर खेर भी इसमें अहम भूमिकाओं में हैं।
ट्रेलर में 26/11 मुंबई हमलों और अजमल कसाब के मुकदमे की कहानी दिखाई गई है। राजकुमार के लुक और फिल्म की कहानी को दर्शकों से काफी अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही है।