रणवीर सिंह की 'धुरंधर 2' को कोर्ट से राहत, रद्द हुई स्क्रीनिंग रोकने की याचिका
क्या है खबर?
रणवीर सिंह की फिल्म 'धुरंधर 2' दुनियाभर के सिनेमाघरों में धमाल मचा रही है। पिछले महीने तमिलनाडु विधानसभा चुनावों का हवाला देते हुए राज्य में इसकी स्क्रीनिंग रद्द करने की मांग उठी थी। याचिकाकर्ता ने इस बावत मद्रास हाई कोर्ट में याचिका भी दायर की थी, जिसे अदालत ने अब खारिज कर दिया है। बार एंड बेंच की रिपोर्ट मुताबिक, कोर्ट ने याचिका को प्रारंभिक चरण में ही खारिज कर दिया।
सुनवाई
मद्रास हाई कोर्ट ने 'धुरंधर 2' के हक में दिया फैसला
मामले की सुनवाई जज सुश्रुत अरविंद धर्माधिकारी और जज जी अरुल मुरुगन की पीठ ने की। मदुरै निवासी द्वारा दायर याचिका में तर्क दिया गया था कि 'धुरंधर 2' राजनीतिक विषयों पर आधारित है, इसलिए इसे तमिलनाडु में चुनाव अवधि के दौरान प्रदर्शित नहीं किया जाना चाहिए। तर्क में आदर्श आचार संहिता लागू होने की बात भी कही गई थी। हालांकि, पीठ ने कोई राहत देने से इनकार कर दिया और याचिका को प्रारंभिक चरण में ही खारिज कर दिया।
फिल्म
'धुरंधर 2' के बारे में जानिए
आदित्य धर द्वारा निर्देशित जासूसी-थ्रिलर 'धुरंधर 2' 19 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। फिल्म को हिंदी भाषा के अलावा, तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम भाषाओं में भी रिलीज किया गया है। कमाई पर नजर डालें, तो इसने 3 हफ्ते पूरे करने के बाद बॉक्स ऑफिस पर अब तक 1,000 करोड़ रुपये से ज्यादा कारोबार कर लिया है। इस कमाई के साथ रणवीर अभिनीत यह बॉलीवुड की सबसे ज्यादा कमाने वाली फिल्म बन गई है।