LOADING...
माधुरी दीक्षित ने मुंबई में किराए पर लिया नया ऑफिस, कीमत उड़ा देगी होश
माधुरी दीक्षित ने किराए पर लिया ऑफिस

माधुरी दीक्षित ने मुंबई में किराए पर लिया नया ऑफिस, कीमत उड़ा देगी होश

Mar 27, 2026
03:38 pm

क्या है खबर?

'धक-धक गर्ल' के नाम से मशहूर माधुरी दीक्षित एक बार फिर चर्चा में हैं। इस बार वजह उनकी आगामी फिल्म या वेब सीरीज नहीं है, बल्कि रियल एस्टेट की दुनिया से जुड़ी है। दरअसल, अभिनेत्री ने मुंबई के लोअर परेल स्थित वन लोढ़ा प्लेस में एक नया ऑफिस 5 साल की लीज पर लिया है। हालिया रिपोर्ट में बताया गया कि इस साैदे के लिए उन्होंने काफी मोटी रकम खर्च की है जो 2.81 करोड़ रुपये है।

विवरण

731 वर्ग फुट में फैला है माधुरी दीक्षित का नया ऑफिस

स्क्वायर यार्ड्स द्वारा देखे गए प्रॉपर्टी रजिस्ट्रेशन दस्तावेजों के अनुसार, 5 साल की अवधि पर लिया गया ऑफिस 731 वर्ग फुट के कारपेट एरिया में फैला हुआ है। साथ में कार पार्किंग की सुविधा भी दी गई है। 24 मार्च, 2026 को पंजीकृत लीज समझौते में 72,600 रुपये का स्टांप शुल्क शामिल है, जबकि 1,000 रुपये का पंजीकरण शुल्क शामिल है। इसके अलावा, 17 लाख रुपये की सुरक्षा जमा राशि भी जमा कराई गई है।

किराया

जानिए कितना चुकाना होगा किराया

माधुरी द्वारा यह संपत्ति रिंकू परिक्षित जोशी से लीज पर ली गई है। समझौते के अनुसार, मासिक किराया पहले साल में 4.25 लाख रुपये से शुरू होगा और 5 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ दूसरे साल में 4.46 लाख रुपये, तीसरे साल में 4.68 लाख रुपये, चौथे साल में 4.91 लाख रुपये और 5वें साल में 5.16 लाख रुपये तक पहुंच जाएगा। हालांकि, इस लेन-देन पर न अभिनेत्री का बयान आया है और न संपत्ति मालिक ने कुछ कहा है।

Advertisement