कम बजट वाली इन फिल्मों का बॉक्स ऑफिस पर चला जादू, कमाई देखकर रह जाएंगे दंग
क्या है खबर?
फिल्म 'हनुमान अंश' 7 अगस्त, 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई। विशाल चतुर्वेदी के निर्देशन में बनी यह फिल्म नीम करौली बाबा के जीवन पर आधारित है और महज 2 करोड़ रुपये के बजट में तैयार हुई है। शुरुआत में इसकी कमाई धीमी रही, लेकिन शानदार मुंह-जबानी प्रचार के चलते फिल्म ने बजट से 20 गुना ज्यादा कमाई कर ली। हालांकि, इससे पहले भी कई कम बजट फिल्मों ने बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त कमाई की है।
#1 & #2
'तनु वेड्स मनु' और 'कहानी'
'तनु वेड्स मनु' साल 2011 में रिलीज हुई थी। इस फिल्म में आर माधवन और कंगना रनौत की जोड़ी ने लोगों का दिल जीत लिया था। 17 करोड़ के बजट में बनी इस फिल्म ने 88.72 करोड़ की कमाई की थी।
साल 2012 में रिलीज हुई फिल्म 'कहानी' में विद्या बालन मुख्य भूमिका में थीं। यह फिल्म 8 करोड़ के बजट में बनी थी। वहीं इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर लगभग 104 करोड़ का कारोबार किया था।
#3 & #4
'विक्की डोनर' और 'अंधाधुन'
'विक्की डोनर' साल 2012 में सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। इस फिल्म में आयुष्मान खुराना के साथ यामी गौतम नजर आई थीं। 5 करोड़ के बजट में बनी इस फिल्म ने करीब 67 करोड़ की कमाई की थी।
साल 2018 में रिलीज हुई थ्रिलर फिल्म 'अंधाधुन' में तब्बू और आयुष्मान मुख्य भूमिका में नजर आए थे। यह फिल्म करीब 30 करोड़ के बजट में बनी थी। वहीं इसने 400 करोड़ से ज्यादा की कमाई की थी।
#5 & #6
'स्त्री' और 'द कश्मीर फाइल्स'
फिल्म 'स्त्री' साल 2018 में रिलीज हुई थी। राजकुमार राव और श्रद्धा कपूर की इस फिल्म का बजट महज 20 करोड़ रुपये था। वहीं इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर 180.76 करोड़ की छप्परफाड़ कमाई की थी।
साल 2022 में रिलीज हुई फिल्म 'द कश्मीर फाइल्स' ने बॉक्स ऑफिस पर कामयाबी के झंडे गाड़े थे। अनुपम खेर, मिथुन चक्रवर्ती और पल्लवी जोशी की ये फिल्म 15 करोड़ के बजट में बनी थी। वहीं इसने 341 करोड़ की कमाई की थी।