'लव एंड वॉर' के लिए मशहूर रैपर लिल पोप्पा का 25 साल की उम्र में निधन
क्या है खबर?
'लव एंड वॉर' और 'इटरनल लव' जैसे लोकप्रिय गानों से अपनी पहचान बनाने वाले हॉलीवुड के मशहूर रैपर लिल पोप्पा का निधन हो गया है। ई-टाइम्स ने एक रिपोर्ट के हवाले से बताया कि रैपर ने सिर्फ 25 साल की उम्र में इस दुनिया को अलविदा कह दिया। हालांकि, उनके परिवार के सदस्यों या प्रतिनिधियों की ओर से अभी तक आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। उधर इस दुखद खबर के आने से फैंस शोक में डूब गए हैं।
वजह
दवा की अधिक मात्रा लेने के कारण हुई मौत
TMZ की रिपोर्ट के मुताबिक, फ्लोरिडा के रहने वाले पोप्पा का असली नाम जनारियस माइकल व्हीलर था। पहले उनके निधन की खबरें वायरल हुई थीं, लेकिन तब कोई पुष्टि नहीं की गई। बाद में फुल्टन काउंटी मेडिकल एग्जामिनर के कार्यालय की ओर से पुष्टि की गई। बताया गया कि 18 फरवरी की सुबह 11:23 बजे रैपर को मृत घोषित किया गया था। ऑनलाइन मौजूद कई दावों के अनुसार, उनकी मौत कथित दवा की अधिक मात्रा लेने से हुई है।
करियर
रैपर को इन एल्बम से मिली थी खास पहचान
18 मार्च, 2000 को जन्में रैपर पोप्पा ने कई लोकप्रिय गानें रिलीज किए थे। उन्होंने 2018 में अपना करियर शुरू किया था और इस दौरान सोलो गाने और अपना पहला मिक्सटेप 'अंडर इन्वेस्टिगेशन ' रिलीज करना शुरू किया था। हालांकि 2021 में अपनी एल्बम 'ब्लेस्ड, आई गेस' की रिलीज के बाद खास पहचान हासिल हुई थी। रैपर का आखिरी गाना 'आउट ऑफ टाउन बे' 13 फरवरी को जारी हुआ था। अगले महीने उन्हें न्यू ऑरलियन्स में परफॉर्म करना था।