Page Loader
उदित नारायण ने 4 बार अपने नाम किया राष्ट्रीय पुरस्कार, सुनिए उनके ये सदाबहार गाने 
उदित नारायण के शानदार गाने

उदित नारायण ने 4 बार अपने नाम किया राष्ट्रीय पुरस्कार, सुनिए उनके ये सदाबहार गाने 

लेखन मेघा
Dec 01, 2023
08:08 am

क्या है खबर?

मशहूर गायक उदित नारायण किसी परिचय के मोहताज नहीं हैं। उन्होंने 90-2000 के दशक में बॉलीवुड पर राज किया और कई बेहतरीन गानों को अपनी आवाज दी। उदित ने नेपाली रेडियो स्टेशन से करियर की शुरुआत की थी, जिसमें वह मैथिली और नेपाली भाषा में लोकगीत गाते थे। नेपाली फिल्म 'सिंदूर' के लिए उन्होंने पहली बार गाना गाया था। आइए आज यानी 1 दिसंबर को गायक के 68वें जन्मदिन के मौके पर उनके शानदार गानों पर नजर डालते हैं।

#1

'पापा कहते हैं बड़ा नाम करेगा'

उदित 1978 में मुंबई आए थे, लेकिन उन्हें पहचान 1988 में आमिर खान की फिल्म 'कयामत से कयामत तक' के गाने ने दिलाई थी। दरअसल, उदित ने इस फिल्म के गाने 'पापा कहते हैं बड़ा नाम करेगा' को आवाज दी थी, जिसे लोगों ने काफी पसंद किया। ऐसे में इस गाने से वह नई बुलंदियों पर पहुंच गए और रातों-रात ही मशहूर हो गए। आमिर पर फिल्माए गए इस गाने के बोल मजरूह सुल्तानपुरी ने लिखे थे।

#2

'पहला नशा'

पहला प्यार हर किसी के लिए खास होता है और उस एहसास को दर्शाने के लिए 'जो जीता वहीं सिकंदर' फिल्म का गाना 'पहला नशा' एकदम सटीक बैठता है। इस गाने को उदित ने साधना सरगम के साथ गाया था, जिसे आज भी लोग सुनना पसंद करते हैं। यह गाना पहले प्यार का खूबसूरत एहसास कराता है। इस गाने को आमिर, आयशा जुल्का और पूजा बेदी पर फिल्माया गया था, वहीं गाने के बोल सुल्तानपुरी ने लिखे थे।

#3

'टिप टिप बरसा पानी'

1994 में आई फिल्म 'मोहरा' के गाने 'टिप टिप बरसा पानी' में अक्षय कुमार और रवीना टंडन नजर आए थे। दोनों ने अपनी कमाल की केमिस्ट्री से लोगों का दिल जीत लिया था, वहीं उदित और अलका याग्निक की जादुई आवाज ने समां बांध दिया था। आनंद बक्शी के द्वारा लिखे गए गाने 'टिप टिप बरसा पानी' को आज भी लोग बारिश में सुनना पसंद करते हैं और अक्सर इस पर थिरकते हुए भी नजर आते हैं।

#4

'चांद छुपा बादल में'

उदित के बेहतरीन गानों की बात हो और 'चांद छुपा बादल में' का जिक्र न हो, ये तो नहीं हो सकता। 'हम दिल दे चुके सनम' में सलमान खान और ऐश्वर्या राय पर फिल्माए गए इस गाने ने सभी को दीवाना बना दिया था। यह गाना हर साल ही करवा चौथ के समय सुनने के लिए मिल जाता है और कभी बोर नहीं करता। इस गाने को उदित के साथ अलका याग्निक ने अपनी आवाज दी थी।

#5

'कोई लड़की है'

उदित ने प्यार-मोहब्बत के साथ ही कई डांस नंबर भी गाए हैं, जो आपको आज भी थिरकने पर मजबूर कर देंगे। 'दिल तो पागल है' फिल्म के गाने 'कोई लड़की है' को सुनते ही सबसे पहले बारिश याद आती है और उसमें बच्चों के साथ थिरकते शाहरुख खान और माधुरी दीक्षित। इस गाने को उदित ने लता मंगेशकर से साथ गाया था तो उनके बेटे आदित्य नारायण ने भी इसका थोड़े से हिस्से को अपनी आवाज दी थी।

जानकारी

न्यूजबाइट्स प्लस

उदित ने 1985 में आई नेपाली फिल्म 'कुसुमे रुमाल' में अभिनय के साथ सभी गानों को आवाज दी थी। उन्हें 4 बार राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार से नवाजा गया है। 2016 में गायक को पद्म भूषण और 2009 में पद्मश्री से सम्मानित किया गया था।