
मशहूर होने से पहले बैकस्टेज यह काम करती थीं नेहा धूपिया, जानें खास बातें
क्या है खबर?
अभिनेत्री नेहा धूपिया 27 अगस्त को अपना 42वां जन्मदिन मना रही हैं। अपने बेबाक अंदाज और आत्मविश्वास से नेहा ने इंडस्ट्री में अलग पहचान बनाई है।
साल 2002 में उन्होंने मिस इंडिया का खिताब जीता था। 2003 में उन्होंने अजय देवगन की फिल्म 'कयामत' से बॉलीवुड में कदम रखा। नेहा फिल्मों के अलावा रिएलिटी शो की वजह से भी लोकप्रिय हुईं।
वह अपने बयानों के कारण भी चर्चा में रहती हैं। आपको बताते हैं नेहा से जुड़ी कुछ खास बातें।
शुरुआत
मॉडलिंग से पहले बैकस्टेज यह काम करती थीं नेहा
अभिनेत्री के अलावा नेहा एक सफल मॉडल भी रह चुकी हैं।
2011 में एक इंटरव्यू में नेहा ने अपने संघर्ष के दिनों को याद करते हुए कहा था, "मैंने अपना करियर एक सौंदर्य प्रतियोगिता के साथ शुरू किया लेकिन कम ही लोग जानते हैं कि मैंने बैकस्टेज मॉडल्स को फुटवेअर पहनने में मदद करने का काम किया है। आज भी जब भी रैंप पर उतरती हूं तो वह सब याद आ जाता है।"
मिस इंडिया
मिस इंडिया बनने के बाद इंडस्ट्री में रखा था कदम
नेहा ने इस साल मिस इंडिया बनने के 20 साल पूरे किए हैं। इस मौके पर उन्होंने हिन्दुस्तान टाइम्स से बातचीत की थी।
उन्होंने कहा था, "उस वक्त यह बहुत बड़ा प्लैटफॉर्म था। दीया मिर्जा, लारा दत्ता इसमें आ चुकी थीं। मैं बेहद घबराई हुई थी। मेरे लिए यह करो या मरो वाली बात थी। मैंने सोच लिया था कि मैं सिर्फ एक मौका लूंगी। अगर सफल नहीं हुई तो यह नहीं होने वाला है।"
टीवी
रिएलिटी शोज से चर्चा में रहीं नेहा
नेहा रिएलिटी शो MTV रोडीज के लिए चर्चा में रहीं। बीते सीजन शो से बाहर होने से पहले उन्होंने इस शो में काफी लंबा समय बिताया था।
नेहा 2016 में 'MTV रोडीज' की गैंग लीडर बनी थीं। इससे उन्होंने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।
नेहा कई टीवी शोज का हिस्सा रहीं। उन्होंने 'कॉमेडी सर्कस' और 'BFF विद वोग' को होस्ट किया। वह शो 'छोटे मियां धाकड़' से बतौर जज जुड़ चुकी हैं।
फिल्में
इन फिल्मों से नेहा ने बनाई अपनी पहचान
नेहा ने 2003 में फिल्म 'कयामत' से फिल्मी सफर की शुरुआत की थी। इसके बाद वह 'जूली' में नजर आईं। 'जूली' में अपने बोल्ड अंदाज के लिए उनकी काफी आलोचना भी हुई थी।
वह 'क्या कूल हैं हम', 'हे बेबी', 'शूटआउट एट वडाला', 'दस कहानियां', 'तुम्हारी सुलु' जैसी चर्चित फिल्मों में दिख चुकी हैं।
नेहा पिछली बार यामी गौतम स्टारर 'अ थर्सडे' में नजर आई थीं।
वह एकता कपूर के वेब शो 'लस्ट स्टोरीज' में भी नजर आ चुकी हैं।
जानकारी
न्यूजबाइट्स प्लस
निजी जिंदगी की बात करें तो नेहा का जन्म 27 अगस्त 1980 को कोच्चि में एक सिख परिवार में हुआ था। नेहा के पिता प्रदीप सिंह भारतीय नौसेना में अधिकारी थे। प्राथमिक शिक्षा कोच्चि और उच्च शिक्षा दिल्ली से पूरी हुई है।