दीपिका पादुकोण के समर्पण की मुरीद हुईं लारा दत्ता, बोलीं- वो बीमारी में भी डटी रहीं
क्या है खबर?
अभिनेत्री लारा दत्ता ने फिल्म 'हाउसफुल' के दिनों को याद करते हुए दीपिका पादुकोण के समर्पण की जमकर तारीफ की है। लारा ने खुलासा किया कि 'हाउसफुल' की शूटिंग के दौरान दीपिका को तेज बुखार और मलेरिया हो गया था, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने काम नहीं रोका। अपनी सेहत की परवाह किए बिना दीपिका ने फिल्म के महत्वपूर्ण हिस्सों की शूटिंग पूरी की, जिसे देख सेट पर मौजूद हर कोई उनके समर्पण का कायल हो गया था।
खुलासा
मलेरिया और ठंड से कांपते हुए भी की थी शूटिंग
'हाउसफुल' की रिलीज को 30 अप्रैल को 16 साल पूरे हुए हैं। इस मौके पर लारा ने शूटिंग का एक मुश्किल किस्सा साझा किया। उन्होंने उस कठिन समय को याद किया, जब उनकी सह-कलाकार दीपिका मलेरिया की चपेट में आ गई थीं। लारा ने बताया कि किस तरह दीपिका तेज बुखार और कंपकंपी से जूझ रही थीं, लेकिन इन सब शारीरिक कष्टों के बावजूद उन्होंने अपना काम जारी रखा और शूटिंग को रुकने नहीं दिया।
समर्पण
पूरी रात बुखार से तपीं, फिर भी नहीं छोड़ा सेट
लारा बोलीं, "बहुत से लोग ये नहीं जानते कि 'हाउसफुल' की शूटिंग के दौरान दीपिका वास्तव में बहुत बीमार पड़ गई थीं। उन्हें मलेरिया हो गया था और वह पूरी तरह से पस्त हो गई थीं, इसलिए उन्हें एक डॉक्टर बुलाना पड़ा और दवाइयां शुरू करनी पड़ीं। वो पूरी तरह से एक पेशेवर थीं, क्योंकि दीपिका पूरी रात तेज बुखार से तप रही थीं। उन्हें कंपकंपी हो रही थी और ये दवाइयां लेनी पड़ रही थीं।
तारीफ
"पस्त होने के बावजूद दीपिका ने नहीं मानी हार"
लारा ने कहा, "अगली सुबह, क्योंकि हमारा शेड्यूल तय था, वहां कई सारे कलाकार मौजूद थे और हम उस समय ऐसे सीन शूट कर रहे थे, जो काफी भावनात्मक थे। दीपिका सेट पर आती थीं और हम देख सकते थे कि वो पूरी तरह से निचुड़ चुकी थी और पस्त थीं, लेकिन दीपिका एक बेहतरीन पेशेवर थीं। यही वजह है कि उन्होंने अपना काम पूरा किया। हैरानी की बात है कि उनके प्रदर्शन में बिल्कुल भी गिरावट नहीं आई थी।"
जज्ब
मलेरिया में भी नहीं कम हुआ दीपिका के काम का जज्बा
लारा ने अपनी बात जारी रखते हुए कहा, "एक कलाकार होने के नाते आपको इसके लिए दूसरे कलाकार को श्रेय देना ही पड़ता है, क्योंकि मैं जानती हूँ कि जब आप पूरी तरह से थक चुके हों तो काम करना कितना मुश्किल होता है और मलेरिया जैसी बीमारी तो आपको बिल्कुल तोड़ कर रख देती है। ये ऐसा नहीं है कि आपको बस जुकाम या हल्का बुखार हो। दीपिका शर्मीली नहीं हैं, बल्कि अपनी बातों को सीमित रखने वाली हैं।"
फिल्म और सितारे
'हाउसफुल' में नजर आए थे ये सितारे
साजिद खान के निर्देशन में बनी फिल्म 'हाउसफुल' में अक्षय कुमार, रितेश देशमुख, दीपिका, लारा, बोमन ईरानी, अर्जुन रामपाल और लिलेट दुबे जैसे सितारों ने काम किया था। ये फिल्म जबरदस्त हिट रही, जिसने 'हाउसफुल' फ्रैंचाइजी की नींव रखी। फिल्म की कहानी अक्षय के इर्द-गिर्द घूमती है, जिन्होंने इसमें दुनिया के सबसे बदकिस्मत इंसान (पनौती) का किरदार निभाया था। 30 करोड़ रुपये के बजट वाली इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर 140 करोड़ रुपये कमाए थे।