काइली जेनर दूसरी बार बनने वाली हैं मां, वीडियो में खुद दी जानकारी
रियलिटी टीवी स्टार काइली जेनर के घर दोबारा खुशियां आने वाली हैं। दरअसल, काइली फिर मां बनने वाली हैं। 24 साल की काइली अपने 30 वर्षीय बॉयफ्रेंड और अमेरिकी रैपर ट्रेविस स्कॉट संग दूसरे बच्चे की राह देख रही हैं। बता दें कि ट्रेविस और काइली की पहले से एक तीन साल की बेटी है। अब काइली ने एक वीडियो के जरिए बताया है कि वह अपने दूसरे बच्चे का स्वागत करने वाली हैं। आइए जानते हैं उन्होंने क्या कहा।
वायरल हो रहा है काइली का वीडियो
काफी समय से काइली की प्रेग्नेंसी की खबरें जोर पकड़ रही थीं। अब खुद काइली ने दूसरी बार मां बनने की पुष्टि कर दी है। उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में काइली अपना प्रेग्नेंसी टेस्ट और अल्ट्रासाउंड की तस्वीरें दिखाती नजर आ रही हैं। दूसरी बार माता-पिता बनने को लेकर काइली और ट्रेविस सातवें आसमान पर हैं। 2017 में दोनों ने एक-दूसरे को डेट करना शुरू किया था।
यहां देखिए वीडियो
2018 में पहली बार मां बनी थीं काइली
काइली ने 20 साल की उम्र में अपनी बेटी स्टोर्मी को जन्म दिया था। फरवरी, 2018 में वह पहली बार मां बनी थीं। उन्होंने अपनी प्रेग्नेंसी छिपाकर रखी थी। मां बनने के बाद उन्होंने लिखा था, 'मैं आपसे प्रेग्नेंसी की बात छिपाने के लिए माफी मांगती हूं। मैं अपने हर सफर में आपको शामिल करती हूं, लेकिन अपनी प्रेग्नेंसी मैं दुनिया के सामने नहीं लाना चाहती थी। मुझे इसके लिए खुद को तैयार करना था, इसलिए मैंने यह कदम उठाया।'
सबसे कम उम्र की अमीर महिलाओं की लिस्ट में शामिल हो चुकी हैं काइली
काइली अमेरिका की मशहूर टीवी पर्सनैलिटी, मॉडल और बिजनेसवुमन हैं। वह 21 साल की उम्र में कॉस्मेटिक कंपनी की मालकिन बन गई थीं। उनकी कंपनी के प्रॉडक्ट काफी पसंद किए जाते हैं। उनके ग्राहकों में अरबपति और हॉलीवुड सितारे शामिल हैं। काइली के 1,000 से ज्यादा स्टोर हैं। कुछ वक्त पहले काइली को दुनिया की सबसे कम उम्र की अमीर महिलाओं की लिस्ट में शामिल किया गया था। काइली कई फैशन कंपनियों की ब्रांड अंबेसडर भी हैं।
सोशल मीडिया पर बेहद लोकप्रिय हैं काइली
काइली अपनी बड़ी बहन किम कार्दशियन की तरह सोशल मीडिया पर काफी लोकप्रिय हैं। काइली की लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इंस्टाग्राम पर उनके 26 करोड़ से ज्यादा फॉलोअर्स हैं। वह इंस्टाग्राम पर सबसे ज्यादा फॉलो की जाने वाली हस्तियों में से एक हैं। सोशल मीडिया पर काइली की ग्लैमरस तस्वीरें और वीडियो अक्सर वायरल होते हैं। उनकी तस्वीरों को दुनियाभर के प्रशंसक काफी पसंद करते हैं।