दिलजीत की आवाज, रहमान की धुन और इरशाद के बोल, इम्तियाज अली ने बनाई जादुई तिकड़ी
क्या है खबर?
संगीत की दुनिया के तीन बड़े सितारे एआर रहमान की धुन, इरशाद कामिल के जज्बाती बोल और दिलजीत दोसांझ की रूहानी आवाज, पहली बार एक साथ आए हैं। ये कमाल किया है फिल्म मेकर इम्तियाज अली ने, जिन्होंने इस अद्भुत तिकड़ी को अपने नई फिल्म 'मैं वापस आऊंगा' के रोमांटिक गाने 'क्या कमाल है' लिए एकजुट किया है। इन चारों की साथ में तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर छाए हुए हैं।
फिल्म और गाना
इस दिन बड़े पर्दे पर उतरेगी इम्तियाज की रोमांटिक दास्तान
ये गाना 'क्या कमाल है', फिल्म की एल्बम का मुख्य हिस्सा है। संगीत के जादू को और गहरा बनाने के लिए इसके बोल मशहूर गीतकार इरशाद ने लिखे हैं। इस बेहतरीन सहयोग के साथ, फिल्म 12 जून, 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देने के लिए तैयार है। 'मैं वापस आऊंगा' एक रोमांटिक ड्रामा फिल्म है, जिसके निर्देशक इम्तियाज अली हैं। फिल्म में दिलजीत के साथ शरवरी वाघ, वेदांग रैना और नसीरुद्दीन शाह जैसे बेहतरीन कलाकार मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे
अनुभव
दिलजीत के साथ रहमान-इरशाद की जोड़ी देगी संगीत का नया अनुभव
एआर रहमान (संगीतकार), इरशाद (गीतकार) और इम्तियाज (निर्देशक) की टीम पहले भी कई फिल्मों में एक साथ काम कर चुकी है। हालांकि, दिलजीत के लिए ये एक नया अनुभव है, क्योंकि वो पहली बार रहमान और इरशाद कामिल के साथ काम कर रहे हैं। हालांकि, दिलजीत, इम्तियाज के साथ फिल्म 'अमर सिंह चमकीला' में काम कर चुके हैं, लेकिन रहमान और कामिल के साथ उनका जुड़ना इस प्रोजेक्ट के संगीत में एक नई ऊर्जा और एक नयापन लेकर आता है।
कहानी
'मैं वापस आऊंगा' में दिखेगी संस्कृति और जज्बातों की अनूठी जुगलबंदी
फिल्म का टीजर 13 मार्च, 2026 को आया था, जिसने फिल्म के मूड और कहानी की एक झलक दिखाई थी। दिलजीत की रूहानी आवाज से सजे इस टीजर ने संकेत दिया था कि ये फिल्म एक पारंपरिक प्रेम कहानी से कहीं ज्यादा है। ये कहानी गहरे भावनात्मक पहलुओं को छूती है। 'मैं वापस आऊंगा' केवल एक लव स्टोरी नहीं, बल्कि वो उस जगह और संस्कृति (जिस परिवेश में कहानी बुनी गई है) की गहराई को भी बखूबी दर्शाती है।
फिल्म
इम्तियाज की 'अमर सिंह चमकीला' में छा गए थे दिलजीत
इम्तियाज के निर्देशन में बनी फिल्म 'अमर सिंह चमकीला' केवल एक बायोपिक नहीं थी, बल्कि ये पंजाब के उस विवादास्पद और असाधारण कलाकार को दी गई एक भावभीनी श्रद्धांजलि थी, जिसे दुनिया 'पंजाब का एल्विस' कहती थी। इस फिल्म ने न केवल दर्शकों को झकझोर दिया, बल्कि दिलजीत के करियर को एक नई ऊंचाई पर पहुंचा दिया था। दिलजीत और परिणीति चोपड़ा (अमरजोत कौर के रूप में) की केमिस्ट्री ने फिल्म के हर एक दृश्य को जीवंत कर दिया था।