कुमार सानू ने उदित नारायण संग विवाद की खबरों को किया खारिज, बोले- मनमुटाव नहीं रहा
क्या है खबर?
गायक कुमार सानू ने हाल ही में उदित नारायण के साथ दोस्ती और पेशेवर रिश्ते पर बात की। दोनों गायक 21 साल बाद सनी देओल की आगामी फिल्म 'सूर्या: अंत से आरंभ तक' के गाने 'सुनियो जरा' के लिए साथ आए हैं। इससे पहले दोनों ने 2005 में 'नो एंट्री' के गाने 'कहां हो तुम' में साथ काम किया था। सानू ने दोनों के बीच अनबन की खबरों को खारिज करते हुए कहा, "हमारे बीच कभी कोई मनमुटाव नहीं रहा।"
बयान
मीडिया ने बनाई थीं दोनों के बीच विवाद की खबरें
सानू ने बताया कि उनके और उदित के बीच प्रतिस्पर्धा वैसी ही थी, जैसी स्कूल में पहले और दूसरे स्थान पर आने वाले छात्रों के बीच होती है।
उन्होंने कहा कि अतीत में दोनों के बीच विवाद को लेकर जो खबरें सामने आई थीं, वे मीडिया की बनाई हुई थीं। कुछ लोगों ने उनके बीच दूरियां पैदा करने की कोशिश भी की, लेकिन बाद में दोनों समझ गए कि कुछ लोग जानबूझकर ऐसा कर रहे हैं।
बयान
सनी देओल और अरिजीत सिंह को लेकर भी बोले सानू
वैरायटी इंडिया को दिए इंटरव्यू में सानू ने सनी की तारीफ करते हुए कहा कि वे गायक को उसके काम का श्रेय जरूर देते हैं। सानू ने उनके व्यवहार और सच्चाई की सराहना करते हुए कहा कि फिल्म इंडस्ट्री में ऐसे लोग बहुत कम हैं।
अरिजीत सिंह के प्लेबैक सिंगिंग से दूर होकर स्वतंत्र रूप से काम करने के फैसले पर उन्होंने कहा कि अरिजीत साहसी, स्पष्टवादी और सरल इंसान हैं। ऐसा कदम उठाने के लिए काफी हिम्मत चाहिए।