AI की पहली कॉलेज जॉम्बी फिल्म 'IIZ' का टीजर जारी, दिखेगा छात्रों का खौफनाक अवतार
AI स्टोरीटेलिंग प्लेटफॉर्म कुक्कू ने अपनी पहली थिएट्रिकल फिल्म 'IIZ: इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ जोम्बीज' का टीज़र जारी किया है। फिल्म की कहानी एक बड़े इंजीनियरिंग कॉलेज की पृष्ठभूमि पर आधारित है, जहां के छात्र अचानक अजीब और हिंसक हरकतें करने लगते हैं और धीरे-धीरे वहां जोम्बीज का हमला शुरू हो जाता है। हॉरर, कॉमेडी और कैंपस के इस अनोखे मिश्रण के साथ यह फिल्म क्लासिक जोम्बी विधा को कॉलेज का एक मजेदार ट्विस्ट देती है, जो खासकर युवा दर्शकों को ध्यान में रखकर बनाई गई है।
'IIZ' 8 मई को रिलीज होगी
फिल्म में जेसी लेवर, अनुप्रिया गोयनका और मोहन कपूर मुख्य भूमिकाओं में नज़र आएंगे। फिल्म को कुंज संघवी ने लिखा और प्रोड्यूस किया है, जबकि इसका स्क्रीनप्ले हुसैन और अब्बास दलाल ने तैयार किया है। इसका निर्देशन गगनजीत सिंह और आलोक द्विवेदी ने मिलकर किया है, जो लो ग्रेविटी प्रोडक्शंस से हैं। यह फिल्म 8 मई को सिनेमाघरों में दस्तक देगी।