LOADING...
कौन हैं नंदिनी गुप्ता, जिनके सिर सजा मिस इंडिया 2023 का ताज?
नंदिनी गुप्ता बनीं मिस इंडिया 2023 (तस्वीर: इंस्टाग्राम/@missindiaorg)

कौन हैं नंदिनी गुप्ता, जिनके सिर सजा मिस इंडिया 2023 का ताज?

Apr 16, 2023
11:37 am

क्या है खबर?

शनिवार को भव्य समारोह में भारत को नई मिस इंडिया मिल गई है। मणिपुर के इंफाल में हुए इस कार्यक्रम में राजस्थान की नंदिनी गुप्ता के सिर मिस इंडिया का ताज सजा। प्रतियोगिता में दिल्ली की श्रेया पूंजा पहली रनर अप रहीं। दूसरी रनर अप का खिताब थुनाओजम स्ट्रेला ने जीता। कार्यक्रम में कार्तिक आर्यन और अनन्या पांडे जैसे सितारों ने परफॉर्मेंस से चार चांद लगा दिए। आइए, जानते हैं मिस इंडिया 2023 की विजेता नंदिनी के बारे में।

पोस्ट 

मिस इंडिया संस्थान ने यूं दी बधाई 

मिस इंडिया वर्ल्ड संस्था ने इंस्टाग्राम पर नंदिनी की ताजपोशी की खास तस्वीरें शेयर करके उन्हें बधाई दी। इस पोस्ट में लिखा गया, 'नंदिनी गुप्ता ने हमारा मंच जीत लिया है और अपनी खूबसूरती और आकर्षण से हमारे दिलों में जगह बनाई है। हमें उन पर गर्व है और उन्हें मिस वर्ल्ड के मंच पर देखने का इंतजार है। हमें आपके सफर पर गर्व है। देवियों और सज्जनों, नई क्वीन नंदिनी गुप्ता का स्वागत कीजिए।'

इंस्टाग्राम पोस्ट

नंदिनी गुप्ता के सिर सजा ताज 

परिचय 

बिजनस मैनेजमेंट में स्नातक हैं नंदिनी 

19 वर्षीय नंदिनी राजस्थान के कोटा की रहने वाली हैं और उन्होंने बिजनेस मैनेजमेंट में स्नातक किया है। नंदिनी स्कूल के दिनों से ही एक्स्ट्रा करिकुलर गतिविधियों में सक्रिय रहती थीं। वह स्कूल के कई कार्यक्रमों को होस्ट भी किया करती थीं। नंदिनी का मानना है कि असफलताएं व्यक्ति को निखारने का काम करती हैं। नंदिनी मानती हैं कि उनके रास्ते में कठिनाइयां निश्चित तौर पर आएंगी और वह उनका सामना करने के लिए तैयार हैं।

बयान 

प्रियंका चोपड़ा और रतन टाटा से प्रभावित हैं नंदिनी 

प्रतियोगिता से पहले एक बातचीत में नंदिनी ने कहा कि वह रतन टाटा और प्रियंका चोपड़ा से काफी प्रभावित हैं। रतन टाटा मानवता के लिए काफी कुछ करते हैं। वह विनम्र हैं और लाखों लोग उनसे प्यार करते हैं। प्रियंका चोपड़ा ने कम उम्र में यह खिताब जीता और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का नाम रोशन किया। उन्होंने समाज के प्रति अपना कर्तव्य निभाया और अभिनेत्री के तौर पर भी खुद को स्थापित किया।

कार्यक्रम 

बचपन से ताज जीतना चाहती थीं नंदिनी

रिपोर्ट्स के अनुसार, नंदिनी ने आगे कहा, "मैं 10 साल की उम्र से इस प्रतियोगिता को जीतना चाहती थी। मैं इसकी खूबसूरती के लिए यह ताज चाहती थी, लेकिन जैसे-जैसे मैं बड़ी हुई, मुझे समझ आया कि यह सिर्फ ताज की बात नहीं है। यह एक सफर है, जिसका अनुभव करने का मौका बहुत कम लोगों को मिलता है। यह एक मंच है, जो आपको उड़ने का मौका देता है।यह एक आम लड़की को खास बना देता है।"