'बिग बॉस 20' के गुल्लू कौन हैं? होटल मैनेजमेंट से रियलिटी शो तक जानें पूरा सफर
क्या है खबर?
सलमान खान के रियलिटी शो 'बिग बॉस 20' में कुशल तंवर ने हिस्सा लिया है, जिन्हें दर्शक 'गुल्लू' के नाम से जानते हैं। कुशल ने लगातार 2 रियलिटी शो जीतकर अपनी खास पहचान बनाई है। उन्होंने 'MTV रोडीज XX: डबल क्रॉस' और 'MTV स्प्लिट्सविला X6: प्यार या पैसा' की ट्रॉफी अपने नाम की है। इन जीतों के बाद कुशल अब 'बिग बॉस' में अपना जलवा बिखेर रहे हैं। ऐसे में आइए जानते हैं गुल्लू कौन हैं।
पहचान
कौन हैं गुल्लू?
कुशल, जिन्हें 'गुल्लू' और 'गुल्लू बॉक्सर' के नाम से भी पहचाना जाता है, गुरुग्राम, हरियाणा के कंटेंट क्रिएटर और रियलिटी टीवी कलाकार हैं।
टेलीविजन की दुनिया में पहचान बनाने से पहले उन्होंने होटल प्रबंधन की पढ़ाई की।
कुशल ने साल 2022 में पुणे स्थित इंस्टीट्यूट ऑफ होटल मैनेजमेंट एंड कैटरिंग टेक्नोलॉजी से होटल मैनेजमेंट में बैचलर ऑफ साइंस की डिग्री पूरी की है।
करियर
कुशल ने किया खूब संघर्ष
कुशल एक कंटेंट क्रिएटर और रियलिटी टीवी कलाकार हैं। हालांकि, टेलीविजन की दुनिया में पहचान बनाना उनके लिए आसान नहीं रहा।
पहली बार 'रोडीज' में पहुंचकर ट्रॉफी जीतने से कई साल पहले उन्होंने इस शो में शामिल होने की कोशिश की थी, लेकिन उस समय उनका चयन नहीं हो पाया और उन्हें मायूस होकर घर लौटना पड़ा।
बाद में उन्होंने अपनी मेहनत जारी रखी और आखिरकार शो में सफलता हासिल की।
व्यवसाय
कुशल ने किया था ये व्यवसाय
सोशल मीडिया पर पहचान बनाने से पहले कुशल ने कारोबार की दुनिया में भी किस्मत आजमाई थी। उन्होंने एक कैफे की सह-स्थापना भी की, लेकिन इन प्रयासों से उन्हें वह लोकप्रियता नहीं मिली, जो बाद में कंटेंट क्रिएशन के जरिए हासिल हुई।
उनके मजेदार और देसी अंदाज वाले वीडियो ने सोशल मीडिया पर बड़ी संख्या में दर्शक जोड़े। अब 'बिग बॉस 20' में उनका सफर कितना लंबा चलता है, यह देखना दिलचस्प होगा।