'बिग बॉस 20' की खूबसूरत प्रतियोगी आम्रपाली दुबे का सफर है बेहद खास, जानें अनसुनी बातें
क्या है खबर?
भोजपुरी सिनेमा की मशहूर अभिनेत्री आम्रपाली दुबे ने रियलिटी शो 'बिग बॉस 20' में बतौर प्रतियोगी एंट्री ली है। अपनी शानदार अदाकारी और लोकप्रिय फिल्मों के जरिए उन्होंने भोजपुरी इंडस्ट्री में खास पहचान बनाई है। वहीं, टॉक शो 'भोजपुरी बवाल' में नजर आने के बाद वह एक बार फिर सुर्खियों में आ गईं। शो के दौरान उनकी निजी जिंदगी से जुड़े कई सवाल भी चर्चा में रहे। ऐसे में आइए जानते हैं आम्रपाली के बारे में।
पहचान
आम्रपाली कौन हैं?
आम्रपाली का जन्म 11 जनवरी, 1987 को उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में हुआ था और बाद में वह मुंबई चली गईं।
उन्होंने 2009 के आस-पास हिंदी टेलीविजन में अपने करियर की शुरुआत की और भोजपुरी सिनेमा में सफल एंट्री करने से पहले कई फैमिली ड्रामा शो में काम किया।
फिर उन्होंने 2014 में 'निरहुआ हिंदुस्तानी' फिल्म से भोजपुरी सिनेमा में डेब्यू किया, जिसने उन्हें इस रीजनल फिल्म इंडस्ट्री की प्रमुख अभिनेत्रियों में से एक के तौर पर स्थापित किया।
करियर
'यूट्यूब क्वीन' कहलाती हैं आम्रपाली
पिछले कुछ वर्षों में आम्रपाली की फिल्मों और म्यूजिक वीडियो को यूट्यूब पर जबरदस्त लोकप्रियता मिली है। इसी वजह से फैंस उन्हें 'यूट्यूब क्वीन' के नाम से भी जानते हैं।
उन्हें भोजपुरी सिनेमा की चर्चित और महंगी अभिनेत्रियों में गिना जाता है। उनकी निजी जिंदगी भी अक्सर सुर्खियों में रहती है।
खासतौर पर निरहुआ के साथ उनकी दोस्ती और शानदार ऑन-स्क्रीन केमिस्ट्री को लेकर लंबे समय से रिश्ते की अटकलें लगती रही हैं।
विवाद
इस शख्स पर भड़क गई थीं आम्रपाली
यह मामला तब ज्यादा सुर्खियों में आया, जब आम्रपाली टॉक शो 'भोजपुरी बवाल' में पहुंचीं। होस्ट शुभंकर मिश्रा ने उनसे निरहुआ के साथ रिश्ते को लेकर सवाल किया।
आम्रपाली ने इन सवालों पर नाराजगी जताते हुए सावधानी से बात करने की सलाह दी थी। उन्होंने बताया था कि निरहुआ के बच्चों से उनका गहरा जुड़ाव है और वह उन्हें अच्छा दोस्त मानती हैं। साथ ही उन्होंने किसी रोमांटिक रिश्ते की खबरों को खारिज किया था।