Page Loader
जन्मदिन विशेष: जितेंद्र ने सफेद रंग को क्यों बनाया अपना स्टाइल स्टेटमेंट? जानिए दिलचस्प बातें 
जानें जितेंद्र से जुड़ी दिलचस्प बातें

जन्मदिन विशेष: जितेंद्र ने सफेद रंग को क्यों बनाया अपना स्टाइल स्टेटमेंट? जानिए दिलचस्प बातें 

Apr 07, 2023
08:48 am

क्या है खबर?

बॉलीवुड के अभिनेता जितेंद्र ने दशकों तक बड़े पर्दे पर राज किया। एक दौर था जब वह लगातार एक के बाद एक सुपरहिट फिल्में दे रहे थे। अपने खास स्टाइल और डांस की वजह से उनकी अलग पहचान है। खासतौर पर जितेंद्र के डांस के लोग दीवाने हैं। इसके लिए उन्हें 'जंपिंग जैक' भी कहा जाता है। 7 अप्रैल को जितेंद्र का 81वां जन्मदिन है। ऐसे में अभिनेता से जुड़ी खास बातों पर एक नजर डालते हैं।

पहली कमाई 

कितनी थी पहली कमाई?

रिपोर्ट्स के अनुसार, जितेंद्र के पिता फिल्मों के लिए आभूषण सप्लाई करने का काम करते थे। पिता के निधन के बाद उनके लिए घर चलाना मुश्किल हो गया। ऐसे में एक दिन वह फिल्ममेकर वी शांताराम के पास पहुंचे। पहले तो शांताराम ने उन्हें मना कर दिया, लेकिन बाद में उन्हें अन्य कलाकार की जगह बुलाया गया। जितेंद्र को शांताराम की फिल्म के सेट पर रोज मौजूद रहना होता था। इसके लिए उन्हें 105 रुपये की मासिक तनख्वाह मिलती थी।

डेब्यू फिल्म 

ऐसे मिली थी डेब्यू फिल्म  

शांताराम की फिल्म 'सेहरा' में जितेंद्र को एक सीन करना था, जिसके लिए उन्होंने करीब 30 टेक ले लिए थे। उन्हें शांताराम से इसके लिए काफी डांट भी पड़ी थी। इसके बावजूद उनके व्यक्तित्व के कारण सेट पर लोग उन्हें पसंद करते थे। शांताराम ने अपनी अगली फिल्म के लिए उन्हें स्क्रीन टेस्ट देने के लिए कहा। जितेंद्र ने यह स्क्रीन टेस्ट पास कर लिया। इस तरह उन्हें उनकी डेब्यू फिल्म 'गीत गाया पत्थरों ने' मिली थी।

करियर

70-80 के दशक में कर रहे थे बड़े पर्दे पर राज

जितेंद्र की डेब्यू फिल्म कुछ खास कमाल नहीं दिखा पाई थी। उनकी पहली हिट फिल्म 1967 की 'फर्ज' थी। इसके बाद उन्होंने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा। 70 और 80 के दशक में वह बड़े पर्दे पर छाए हुए थे। 1977 से '87 तक हर साल अभिनेता की 7 या उससे ज्यादा फिल्में रिलीज हो रही थीं। उनकी 1981 में 12, 1982 में 14 और 1986 में 11 फिल्में रिलीज हुई थीं।

स्टाइल स्टेटमेंट

हमेशा सफेद रंग के कपड़ों में क्यों दिखते हैं अभिनेता?

जितेंद्र अकसर सफेद रंग के कपड़ों में नजर आते हैं। सफेद रंग के कपड़े उनका स्टाइल स्टेटमेंट बन चुके हैं। एक टीवी रिएलिटी शो में उन्होंने बताया था कि पहले के जमाने में कोई फैशन डिजाइनर नहीं होता था तो वह वही पहनते थे, जो उन्हें अच्छा लगता था। उन्हें हल्के रंग के कपड़े अच्छे लगते हैं और सफेद उनका पसंदीदा रंग है। इसके अलावा हल्के रंग के कपड़े व्यक्ति को लंबा दिखने में मदद करते हैं।

शादी

हेमा मालिनी से तय हो चुकी थी शादी

जितेंद्र और उनकी बचपन की दोस्त शोभा कपूर की शादी को कई दशक हो चुके हैं। कम ही लोग जानते हैं कि जितेंद्र की शादी हेमा मालिनी से तय कर दी गई थी। शादीशुदा धर्मेंद्र से हेमा के अफेयर से उनके माता-पिता खुश नहीं थे। उन्होंने जितेंद्र से उनकी शादी तय कर दी। चेन्नई में शादी की तैयारी भी हो गई थी। जब जितेंद्र को हेमा के दिल का हाल पता चला, तो उन्होंने शादी से मना कर दिया।