Page Loader
भूमि पेडनेकर की 'भक्षक' मुजफ्फरपुर की सच्ची घटना पर है आधारित, जानिए क्या था यह मामला
'भक्षक' में दिखेगी मुजफ्फरपुर में हुई घटना की कहानी

भूमि पेडनेकर की 'भक्षक' मुजफ्फरपुर की सच्ची घटना पर है आधारित, जानिए क्या था यह मामला

लेखन मेघा
Feb 07, 2024
03:29 pm

क्या है खबर?

भूमि पेडनेकर अपनी फिल्म 'भक्षक' का ट्रेलर जारी होने के बाद से ही लगातार सुर्खियों में हैं। इसमें वह एक पत्रकार की भूमिका में दिखेंगी। फिल्म की कहानी शेल्टर होम में यौन उत्पीड़न का शिकार होती बच्चियों के इर्द-गिर्द घूमती है, जो एक वास्तविक मामले से प्रेरित है। दरअसल, फिल्म कुछ साल पहले बिहार के मुजफ्फरपुर में हुए जघन्य अपराध को दर्शाती है, जिसने पूरे देश में खलबली मचा दी थी। आइए जानते हैं कि यह मामला क्या है।

मामला

2018 में सामने आया था मामला 

यह मामला 2018 में सामने आया था, जब टाटा इंस्टीट्यूट ऑफ सोशल साइंसेज (TISS) ने रिपोर्ट में दावा किया गया था कि बिहार के कई शेल्टर होम में शारीरिक और यौन उत्पीड़न हो रहा है। इसमें मुजफ्फरपुर में स्थित 'बालिका गृह' का नाम शामिल था। ऐसे में जनता ने बिहार सरकार और पुलिस पर दबाव बनाया, जिसके बाद मुजफ्फरपुर के महिला पुलिस स्टेशन में प्राथमिकी दर्ज हुई। हालांकि, तब तक शेल्टर होम से लड़कियों को कहीं और भेज दिया गया।

जांच

34 लड़कियां हुई थीं यौन उत्पीड़न का शिकार

'बालिका गृह' में रहने वाली लड़कियों की उम्र 7 से 17 वर्ष के बीच थी, जिनके मेडिकल परीक्षण में यह बात सामने आई कि 42 में से 34 लड़कियां के साथ यौन उत्पीड़न हुआ है। रिपोर्ट्स में यह भी कहा गया है कि लड़कियों का जबरन गर्भपात कराया गया और एक को मारने के बाद परिसर में दफना दिया। इस मामले में शेल्टर होम के प्रमुख ब्रजेश ठाकुर और उसे 10 अन्य लोगों को आरोपी बनाया गया था।

सजा

2020 में सुनाई गई सजा

11 आरोपियों पर POCSO अधिनियम के तहत मुकदमा चला और बाद में मामला CBI को स्थानांतरित हो गया। आरोपियों में तत्कालीन जिला बाल संरक्षण अधिकारी भी शामिल थे। 2020 में ठाकुर को नाबालिग लड़कियों के शारीरिक और यौन उत्पीड़न के आरोप में दोषी ठहराया गया और आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई। सुप्रीम कोर्ट ने ठाकुर के राजनीतिक संबंधों और अन्य सरकारी अधिकारियों की संलिप्तता के कारण जांच में देरी के लिए बिहार सरकार और अधिकारियों को भी फटकार लगाई।

कास्ट

ये सितारे हैं फिल्म का हिस्सा

पुलकित के निर्देशन में बनी फिल्म 'भक्षक' 9 फरवरी को नेटफ्लिक्स पर दस्तक देगी, जिसका निर्माण शाहरुख खान के प्रोडक्शन हाउस रेड चिलीज एंटरटेनमेंट के तले किया गया है। फिल्म में संजय मिश्रा भास्कर सिन्हा की भूमिका में दिखेंगे, जो वैशाली (भूमि) के सहायक हैं। साई तम्हणकर भी अहम किरदार निभाती नजर आएंगी। आदित्य श्रीवास्तव बंसी साहू की भूमिका निभाएंगे, जो शेल्टर होम चलाता है। माना जा रहा है कि उनका यह किरदार ब्रजेश ठाकुर से प्रेरित है।