LOADING...
'किंग' के सेट से लीक तस्वीरों ने निर्माताओं की बढ़ाई सिरदर्दी, उठाना पड़ा ये कदम
'किंग' के सेट पर बढ़ाई गई सुरक्षा

'किंग' के सेट से लीक तस्वीरों ने निर्माताओं की बढ़ाई सिरदर्दी, उठाना पड़ा ये कदम

May 21, 2026
02:49 pm

क्या है खबर?

शाहरुख खान की फिल्म 'किंग' दिसंबर, 2026 में रिलीज हो रही है। खबरों की मानें, तो करीब 2 महीने की शूटिंग बाकी है, जिसके लिए निर्देशक सिद्धार्थ आनंद जुटे हुए हैं। इस बीच, सेट से तस्वीरें लीक होने का मामला लगातार सामने आ रहा है। हद तो तब हो गई, जब कुछ लोगों ने इन लीक तस्वीरों से 15 मिनट का AI वीडियो बनाकर उसे साझा कर दिया। नतीजन, निर्माताओं की सिरदर्दी बढ़ गई और उन्हें कड़ा कदम उठाना पड़ा।

सुरक्षा व्यवस्था

फिल्म सेट पर आने-जाने में लगी रोक

मिड-डे से एक अंदरूनी सूत्र ने बताया कि केपटाउन शेड्यूल के सीक्वेंस ऑनलाइन लीक होने के बाद टीम कथित तौर पर नाराज थी। इसलिए, मुंबई के बाहरी इलाके में घोड़बंदर रोड के पास चल रहे शूटिंग शेड्यूल के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को सख्त किया गया है। उन्होंने कहा, "मुंबई में स्थित यह सेट एक व्यस्त इलाका है, इसलिए फोन की पहुंच बंद करने से ज्यादा मदद नहीं मिलेगी। लेकिन एक्शन दृश्यों और जरूरी दृश्यों में आवाजाही प्रतिबंधित हो गई है।"

अपील

निर्देशक ने सोशल मीडिया पर की थी ये अपील

इससे पहले, निर्देशक ने एक पोस्ट के जरिए सोशल मीडिया यूजर्स से अपील की थी कि वह फिल्म सेट से लीक हुई तस्वीरों को वायरल न करें और फिल्म काे लेकर लोगों की दिलचस्पी बनाए रखें। इसके बावजूद लगातार लीक के मामले देखने को मिल रहे हैं। हाल ही में, अभिषेक बच्चन की तस्वीरें लीक हुई थीं जिनपर दावा किया गया कि वह विलेन के किरदार में दिखेंगे। इन्हीं कारणों से निर्माताओं को सख्त रुख अपनाना पड़ा है।

Advertisement