कियारा आडवाणी ही नहीं, इन अभिनेत्रियों के घर भी जल्द गूंजेगी किलकारियां
क्या है खबर?
जानी-मानी अदाकारा कियारा आडवाणी अपने पति सिद्धार्थ मल्होत्रा के साथ अपने पहले बच्चे का स्वागत करने जा रही हैं।
उन्होंने एक प्यारे पोस्ट के साथ यह खुशखबरी अपने प्रशंसकों को दी है। कियारा और सिद्धार्थ ने साल 2023 में शादी की थी। अब शादी के 2 साल बाद उनके घर में किलकारियां गूंजने वाली हैं।
हालांकि, इस समय सिर्फ कियारा ही नहीं, बल्कि कुछ और अभिनेत्रियां भी प्रेग्नेंट हैं।
आइए उनके बारे में जानें।
#1
अथिया शेट्टी
सुनील शेट्टी की बेटी अथिया शेट्टी और क्रिकेटर केएल राहुल माता-पिता बनने के लिए तैयार हैं। दोनों ने पिछले साल नवंबर में यह ऐलान किया था।
उन्होंने 8 नवंबर को सोशल मीडिया पर उन्होंने अपने प्रशंसकों को यह खुशखबरी दी थी। उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा था, 'हमारा सुंदर आशीर्वाद जल्द ही आने वाला है। 2025।'
बताया जा रहा है कि अथिया की डिलिवरी अप्रैल में होगी।
राहुल और अथिया 23 जनवरी, 2023 में शादी के बंधन में बंधे थे।
#2
इलियाना डिक्रूज
अभिनेत्री इलियाना डिक्रूज और माइकल डोलन साल 2023 में पहली बार माता-पिता बने थे। अब इलियाना दूसरी बार मां बनने वाली हैं। उन्होंने इसी महीने की शुरुआत में सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा कर प्रशंसकों को बताया था कि वह प्रेग्नेंट हैं।
इलियाना ने 2012 में अपनी पहली हिंदी फिल्म 'बर्फी' से ही बॉलीवुड में अपनी पहचान बना ली थी। अक्षय कुमार की 'रुस्तम', अजय देवगन की 'बादशाहो' और 'रेड' जैसी फिल्मों में भी उनकी तारीफ हुई थी।
#3
एमी जैक्सन
बालीवुड फिल्मों में नजर आ चुकीं अभिनेत्री और विदेशी मॉडल एमी जैक्सन ने 25 अगस्त, 2024 को इटली में अपने बॉयफ्रेंड एड वेस्टविक से शादी की थी।
उन्होंने पिछले साल नवंबर में बताया था कि वह मां बनने वाली हैं।
बता दें कि एमी पहले ही एक 6 साल के बेटे एंड्रियास की मां हैं, जिसे उन्होंने साल 2019 में जन्म दिया था। ये बच्चा एमी और उनके एक्स बॉयफ्रेंड होटल व्यवसायी जॉर्ज पानायियोटौ का है।
#4
सना खान
पूर्व अभिनेत्री और 'बिग बॉस 6' से लेाकप्रिय हुईं सना खान ने पिछले साल नवंबर अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर अपने पति मुफ्ती अनस सैय्यद के साथ अपनी दूसरी प्रेग्नेंसी के बारे में बताया था।
उन्होंने अपने पोस्ट में भगवान का आभार जताया और कहा कि उनका 3 लोगों का परिवार 4 लोगों का होने वाला है। दरअसल, सना ने जुलाई, 2023 में अपने पहले बेटे सैय्यद तारिक जमील का स्वागत किया था।