कियारा आडवाणी इन फिल्मों से मचाएंगी बॉक्स ऑफिस पर तहलका, एक तो रिलीज को तैयार
क्या है खबर?
बॉलीवुड की मशहूर अभिनेत्री कियारा आडवाणी 31 जुलाई, 2026 को 35 साल की हो चुकी हैं। आने वाला समय उनके और उनके चाहने वालों के लिए काफी ज्यादा खास होने वाला है, क्योंकि कियारा कई फिल्मों के साथ बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचाती हुई दिखेंगी। उनकी बहुप्रतीक्षित फिल्मों में से एक तो रिलीज की चौखट पर बिल्कुल तैयार खड़ी है। तो देर किस बात की है, चलिए एक नजर अभिनेत्री की आने वाली फिल्मों पर डालते हैं।
#1
'टॉक्सिक'
कियारा की बहुप्रतीक्षित फिल्मों में पहला नाम 'टॉक्सिक: ए फेयरी टेल फॉर ग्रोन-अप्स' है।
कन्नड़ सुपरस्टार यश की इस गैंगस्टर एक्शन थ्रिलर में उन्हें 'नादिया' नाम का मुख्य किरदार निभाते हुए देखा जाएगा।
इसका निर्देशन गीतू मोहनदास ने किया है, जिसमें अभिनेत्री का अब तक का सबसे बोल्ड अवतार दर्शकों के सामने आएगा, जिसकी झलक टीजर से मिल चुकी है।
26 अगस्त को सिनेमाघरों में आ रही इस फिल्म में नयनतारा, तारा सुतारिया, रुक्मिणी वसंत और हुमा कुरैशी भी हैं।
#2 & #3
'नो एंट्री 2' और 'सिद्धार्थ मल्न्होत्रा के साथ फिल्म'
अनीस बज्मी द्वारा निर्देशित 'नो एंट्री' साल 2005 में रिलीज हुई थी। काफी समय से इसके सीक्वल ने लोगों का ध्यान खींचा हुआ है, जिसका निर्माण बोनी कपूर कर रहे हैं।
खबरों की मानें, तो कियारा पहली बार इसमें वरुण धवन और अर्जुन कपूर के साथ स्क्रीन साझा करेंगी।
'शेरशाह' (2021) के बाद, कियारा और उनके पति सिद्धार्थ मल्होत्रा के एक रोमांटिक-कॉमेडी फिल्म के जरिए दोबारा साथ आने की चर्चा भी चल रही है। हालांकि, इसकी पुष्टि होना बाकी है।
#4
'डॉन 3'
फरहान अख्तर के निर्देशन में बनने वाली कल्ट एक्शन-थ्रिलर फ्रेंचाइजी 'डॉन 3' के लिए भी कियारा का नाम सामने आ चुका है। ऐसी चर्चा थी कि इसमें उन्हें रणवीर सिंह के साथ देखा जाएगा।
हालांकि, रणवीर के परियोजना से बाहर होने के बाद फिल्म अभी के लिए ठंडे बस्ते में चली गई है।
बता दें, कियारा को आखिरी बार ऋतिक रोशन के साथ 'वॉर 2' (2025) में देखा गया था। ये यशराज फिल्म्स के स्पाई यूनिवर्स की 6वीं किस्त थी।