'खलनायक रिटर्न्स' को लेकर संजय दत्त को बड़ा झटका, निर्देशक राजकुमार संतोषी ने जोड़ लिए हाथ
क्या है खबर?
संजय दत्त के प्रशंसक लंबे समय से उनकी कालजयी फिल्म 'खलनायक' के सीक्वल का इंतजार कर रहे हैं। संजू बाबा खुद भी इसे लेकर बेहद गंभीर हैं और सीक्वल के बड़े पैमाने पर दोबारा पर्दे पर लाना चाहते हैं, लेकिन अब फिल्म पर ऐसा अपडेट सामने आया है, जिसने प्रशंसकों के साथ-साथ खुद संजय को भी बड़ा झटका दिया है। दरअसल, संजय इस फिल्म के निर्देशन के लिए राजकुमार संतोषी के पास पहुंचे थे, जिन्होंने उनका ये प्रस्ताव ठुकरा दिया।
रिपोर्ट
इस एक इनकार से टूट गया संजय का सपना
बॉलीवुड हंगामा के मुताबिक, संजय इस सीक्वल के निर्देशन के लिए राजकुमार संतोषी को लेने के बेहद इच्छुक थे। उनका मानना था कि संतोषी को कमर्शियल सिनेमा की बहुत गहरी समझ है और इतने बड़े और प्रोजेक्ट के लिए वो एकदम सटीक पसंद होंगे। अगर ऐसा होता तो फिल्म इंडस्ट्री की ये दो बड़ी ताकतें पहली बार एक साथ काम करतीं, लेकिन फिलहाल ये जुगलबंदी नहीं हो पा रही है, क्योंकि , संतोषी ने संजय का प्रस्ताव ठुकरा दिया है।
कारण
'लाहौर 1947' की व्यस्तता या कुछ और?
संतोषी फिलहाल सनी देओल अभिनीत फिल्म 'लाहौर 1947' के पोस्ट-प्रोडक्शन और आखिरी बदलावों में व्यस्त हैं। इसके अलावा उन्होंने कुछ ऐसी कहानियां भी लिखी हैं, जिन्हें वो आमिर खान और सनी देओल को सुनाने की योजना बना रहे हैं। ऐसे में उनके पास 'खलनायक रिटर्न्स' जैसे किसी बड़े प्रोजेक्ट को हाथ में लेने के लिए तुरंत समय नहीं है। यही वजह है कि उन्होंने बड़ी शालीनता से संजय को उनकी फिल्म के सीक्वल का निर्देशन करने से इनकार कर दिया।
तलाश्
अब नए निर्देशक की खोज में जुटे संजय
खबरों की मानें तो संजय अब इस कहानी को पर्दे पर उतारने के लिए दूसरे स्थापित फिल्म निर्देशकों की तलाश कर रहे हैं, क्योंकि सुभाष घई पहले ही साफ कर चुके थे कि वो निर्देशक की कुर्सी पर दोबारा नहीं लौटेंगे। इस फिल्म के टीजर ने एक दमदार माहौल तैयार कर दिया है, जिसमें संजय अपने सिग्नेचर लंबे बालों और खतरनाक अंदाज में नजर आए। उधर "नायक नहीं, खलनायक हूं मैं" वाला मशहूर डायलॉग पुरानी यादें ताजा कर देता है।
उम्मीद
क्या 'खलनायक रिटर्न्स' दोहरा पाएगी इतिहास?
साल 1993 में आई 'खलनायक' बॉक्स ऑफिस पर बहुत बड़ी हिट साबित हुई थी। अब जब इस सीक्वल पर आधिकारिक तौर पर काम चल रहा है तो फिल्म इंडस्ट्री को एक बार फिर बॉक्स ऑफिस पर ऐसे ही धमाके की उम्मीद है। फिलहाल पूरी टीम का ध्यान एक ऐसे निर्देशक को खोजने पर है, जो 90 के दशक की पुरानी यादों को आज के दौर की एक्शन और दमदार कहानी के साथ बेहतरीन तरीके से पर्दे पर उतार सके।