कीर्ति सुरेश बन सकती हैं रोमांटिक-थ्रिलर का हिस्सा, निर्माताओं संग बातचीत जारी
क्या है खबर?
तमिल सिनेमा की अभिनेत्री कीर्ति सुरेश ने पिछले कुछ साल में अभिनय-प्रधान भूमिकाओं को निभाकर एक अलग मुकाम हासिल किया है। अब लगता है कि वह अपनी एक नई फिल्म के जरिए दर्शकों को तोहफा देने की तैयारी कर रही हैं। खबरों के मुताबिक, राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता अभिनेत्री एक रोमांटिक थ्रिलर फिल्म का हिस्सा बनने के लिए फिल्मकार से बातचीत कर रही हैं। इस फिल्म का निर्माण बड़े तौर पर किया जाएगा। बेशक यह खबर फैंस को उत्साहित कर देगी।
परियोजना
रोमांटिक थ्रिलर फिल्म में नजर आ सकती हैं अभिनेत्री
बॉलीवुड हंगामा के मुताबिक, सिनेमा से जुड़े एक सूत्र ने परियोजना पर बात करते हुए कहा, "कीर्ति सुरेश फिलहाल एक बड़े पैमाने की रोमांटिक थ्रिलर फिल्म के लिए एक जाने-माने फिल्मकार से बातचीत कर रही हैं। हालांकि अभी तक आधिकारिक तौर पर कुछ भी पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन इंडस्ट्री में चल रही चर्चाओं से लगता है कि लगातार कई परियोजनाओं के बाद यह फिल्म उनके फिल्मी सफर में एक और कदम साबित हो सकती है।"
ऐलान
फिल्म के ऐलान होने का इंतजार
सूत्र ने कहा कि परियोजना का निर्माण बड़े पैमाने पर होगा। इसमें अभिनेत्री को ऐसे जॉनर में काम करने का मौका मिल सकता है, जिसमें उन्होंने पहले ज्यादा काम नहीं किया। फिलहाल आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है, लेकिन फैंस उत्साहित हैं कि कीर्ति आगे कौन-सी फिल्म करेंगी। बता दें, कीर्ति को आखिरी बार एक्शन कॉमेडी फिल्म 'रिवॉल्वर रीता' (2025) में देखा गया था। इसके अलावा वह वरुण धवन और वामिका गब्बी की फिल्म 'बेबी जॉन' में दिखी थीं।