Page Loader
कीर्ति सुरेश की इन फिल्मों को IMDb पर मिली शानदार रेटिंग, OTT पर हिंदी में उपलब्ध
कीर्ति सुरेश की शानदार फिल्में (तस्वीर: इंस्टाग्राम/@keerthysureshofficial)

कीर्ति सुरेश की इन फिल्मों को IMDb पर मिली शानदार रेटिंग, OTT पर हिंदी में उपलब्ध

लेखन मेघा
Oct 17, 2023
07:40 am

क्या है खबर?

दक्षिण भारतीय सिनेमा की जानी-मानी अभिनेत्री कीर्ति सुरेश 17 अक्टूबर को अपना 31वां जन्मदिन मना रही हैं। 1992 में मद्रास में जन्मी अभिनेत्री ने बतौर बाल कलाकार साल 2000 में फिल्म 'पायलट्स' से अपने फिल्मी सफर की शुरुआत की थी। 2013 में कीर्ति मलयालम फिल्म 'गीतांजलि' में मुख्य अभिनेत्री के रूप में नजर आईं और लोगों का दिल जीतने में कामयाब रहीं। आइए नजर डालते हैं अभिनेत्री की हिंदी में डब फिल्मों पर, जिन्हें IMDb पर शानदार रेटिंग मिली है।

#1

'दसरा'

कीर्ति की फिल्म 'दसरा' इसी साल मार्च में रिलीज हुई थी, जिसमें वह नानी और धीक्षित शेट्टी के साथ नजर आई थीं। फिल्म में दिखाया गया है कि 3 दोस्त कोयले की खान में काम करते हैं और 2 को कीर्ति से प्यार हो जाता है। इसी बीच गांव में 2 गुटों के बीच लड़ाई होती है, जो तीनों की जिंदगी बदल देती है। IMDb पर 6.7 रेटिंग वाली इस फिल्म को आप नेटफ्लिक्स पर हिंदी में देख सकते हैं।

#2

'नेनु शैलजा' 

2016 में रिलीज हुई फिल्म 'नेनु शैलजा' को 'द सुपर खिलाड़ी 3' नाम से हिंदी में डब किया गया था। यह हरि (राम पोथिनेनी) और शैलू (कीर्ति) की कहानी है। इसमें हरि सच्चे प्यार की तलाश में है, जो शैलू पर जाकर खत्म होती है। बाद में उसे पता चलता है कि शैलू ही उसके बचपन का प्यार थी। इस फिल्म को डिज्नी+हॉटस्टार पर देखा जा सकता है और IMDb पर इसे 6.9 रेटिंग मिली है।

#3

'नेनु लोकल'

2017 में आई फिल्म 'नेनु लोकल' रोमांस और एक्शन से भरपूर है, जिसमें कीर्ति के साथ नवीन चंद्रा नजर आए थे। इस फिल्म को हिंदी में 'सुपर खिलाड़ी 4' नाम से डब किया गया था। फिल्म में बाबू (नवीन) को कीर्ति से प्यार हो जाता है, लेकिन लड़की का पिता इस रिश्ते के खिलाफ है। ऐसे में वह उन्हें मनाने की कोशिश में लग जाता है। यह फिल्म डिज्नी+हॉटस्टार पर उपलब्ध है। इसे IMDb पर 6.4 रेटिंग मिली है।

#4

'सरकार'

'सरकार' में कीर्ति की जोड़ी NRI व्यवसायी बने थलापति विजय के साथ जमी थी, जिसे दर्शकों ने बेशुमार प्यार दिया था। फिल्म में दिखाया है कि NRI व्यवसायी को देश में वापस आकर अवैध मतदान के बारे में पता चलता है। वह मामले की जांच करने का फैसला लेता है, जिसके बाद उसका सामना 2 भ्रष्ट राजनेताओं से होता है। यह फिल्म हिंदी में नेटफ्लिक्स पर देखी जा सकती है और इसे IMDb पर 6.7 रेटिंग मिली है।

#5

'भैरव'

2017 में सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली इस फिल्म में भी कीर्ति, विजय के साथ ही नजर आई थीं। फिल्म की कहानी एक ऋण वसूली अधिकारी भैरव (विजय) की है, जो एक लड़की (कीर्ति) को पसंद करने लगता है। यह लड़की स्थानीय गैंगस्टर को बेनकाब करना चाहती है, जिसकी वजह जानने के बाद भैरव भी उसकी मदद करने के लिए आगे आ जाता है। यह फिल्म ZEE5 पर मौजूद है और इसे IMDb पर 6 रेटिंग मिली है।

जानकारी

राष्ट्रीय पुरस्कार से हुईं सम्मानित

कीर्ति को 2019 में आई अपनी फिल्म 'महांती' के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार मिल चुका है। फिल्म में अभिनेत्री ने महांती का किरदार निभाया था। फिल्म अभिनेत्री सावित्रि के जीवन पर आधारित थी। यह फिल्म MX प्लेयर पर मौजूद है।