Page Loader
क्या 'कौन बनेगा करोड़पति' होता है स्क्रिप्टेड? करोड़पति बने जसकरण सिंह ने दिया यह जवाब
KBC 15 में करोड़पति बने जसकरण सिंह

क्या 'कौन बनेगा करोड़पति' होता है स्क्रिप्टेड? करोड़पति बने जसकरण सिंह ने दिया यह जवाब

Sep 06, 2023
03:14 pm

क्या है खबर?

अमिताभ बच्चन लोकप्रिय गेम शो 'कौन बनेगा करोड़पति' (KBC) का 15वां सीजन होस्ट कर रहे हैं। नए सीजन को अपना पहला करोड़पति मिल गया है। पंजाब के जसकरण सिंह ने हॉट सीट पर बैठकर करोड़पति बनने का अपना सपना पूरा किया। विजेता बनने के बाद वह मीडिया और सोशल मीडिया में छा गए हैं। एक बातचीत में उन्होंने KBC के लिए प्रयास कर रहे लोगों को राय दी है। उन्होंने KBC के स्क्रिप्टेड होने पर भी जवाब दिया है।

परिचय

कौन हैं जसकरण सिंह?

पंजाब के खालरा गांव के रहने वाले जसकरण ने 'KBC 15' में 1 करोड़ रुपये जीते हैं। वह 21 वर्ष के हैं और UPSC की तैयारी कर रहे हैं। उनके पिता पंजाब में ही खान-पान के प्रबंधन का काम करते हैं। वह पिछले कई साल से KBC में आने का प्रयास कर रहे थे। 2020 में उन्हें पहली बार शो की तरफ से कॉल आया था। तब उनमें आत्मविश्वास जागा था कि वह शो में पहुंच सकते हैं।

जैकपॉट प्रश्न

यह था 7 करोड़ का जैकपॉट प्रश्न

इंडियन एक्सप्रेस से बातचीत में जसकरण ने कहा कि वह न सिर्फ KBC में हिस्सा लेना चाहते थे, बल्कि यहां आकर हर सवाल का सही जवाब देना चाहते थे। वह निराश हैं कि वह जैकपॉट प्रश्न का उत्तर नहीं दे पाए। जैकपॉट प्रश्न में उनसे पूछा गया था कि पद्म पुराण के अनुसार किस राजा को 100 सालों तक बाघ के रूप में रहने का श्राप मिला था? जैकपॉट प्रश्न की इनामी राशि 7 करोड़ रुपये थी।

1 करोड़ का सवाल

इस सवाल ने बनाया करोड़पति

1 करोड़ की राशि के लिए जसकरण से पूछा गया था कि जब भारत की राजधानी कलकत्ता से दिल्ली की गई थी, उस वक्त भारत के वाइसरॉय कौन थे? 4 सालों से UPSC की तैयारी कर रहे जसकरण ने इसका सही उत्तर देते हुए वाइसरॉय लॉर्ड हार्डिंगे का नाम लिया। उन्होंने शो में हिस्सा लेने की कोशिश कर रहे प्रतिभागियों को राय दी कि उन्हें बहुत मेहनत करनी होगी और धैर्य रखना होगा।

स्क्रिप्टेड 

स्क्रिप्टेड होने के आरोप पर कही यह बात

जसकरण के 1 करोड़ जीतने के बाद कई लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि शो स्क्रिप्टेड होता है और निर्माता जानबूझकर आर्थिक रूप से साधारण परिवारों से आने वाले प्रतिभागियों को करोड़पति बनाते हैं। इस पर जसकरण ने कहा, "हर साल करोड़ों लोग KBC में आने के लिए प्रयास करते हैं। उनसे पूछिए, इसका हर राउंड कितना मुश्किल होता है।जिन लोगों ने कभी इसके लिए प्रयास नहीं किया, वे इस तरह का दावा करते हैं।"

बयान

यह शो प्रतिभा पर आधारित है- जसकरण

उन्होंने कहा, "मैं अपको बता सकता हूं कि ऐसा कुछ भी नहीं है। यह शो प्रतिभा पर आधारित है। इस तरह के झूठे दावों पर मत जाइए।" जसकरण के अनुसार, जिन्हें सही जानकारी नहीं होती है, वे कुछ भी कयास लगाने लगते हैं। करोड़पति बनने पर खुशी जाहिर करते हुए उन्होंने कहा कि यह बहुत खास है, क्योंकि उन्होंने बहुत मेहनत की। खासकर, अपने माता-पिता और परिवार को खुश देखना इसे और भी खूबसूरत बनाता है।

जानकारी

न्यूजबाइट्स प्लस

हर साल लाखों लोग 'KBC' का हिस्सा बन अपनी किस्मत आजमाते हैं। शो 'KBC' 2000 में लॉन्च हुआ था। शो का तीसरा सीजन शाहरुख खान ने होस्ट किया था। इसके अलावा शुरुआत से लेकर अब तक के सभी सीजन अमिताभ ने ही होस्ट किए हैं।