LOADING...
कार्तिक आर्यन की फिल्म 'कैप्टन इंडिया' नहीं होगी बंद, 5 साल बाद आया ये अपडेट
फिल्म 'कैप्टन इंडिया' पर आया अपडेट

कार्तिक आर्यन की फिल्म 'कैप्टन इंडिया' नहीं होगी बंद, 5 साल बाद आया ये अपडेट

Mar 27, 2026
11:58 am

क्या है खबर?

कार्तिक आर्यन हर साल 1-2 फिल्मों के जरिए दर्शकों का मनोरंजन करने आते हैं। साल की शुरुआत में फिल्म 'तू मेरी मैं तेरा, मैं तेरा तू मेरी' रिलीज हुई, लेकिन इसका प्रदर्शन निराशाजनक रहा। खबर है कि अभिनेता अपनी 5 साल पहले घोषित फिल्म 'कैप्टन इंडिया' पर जुटने के लिए खुद को तैयार कर रहे हैं। दरअसल, ऐसी चर्चाएं थीं कि फिल्म को शायद बंद कर दिया गया है, लेकिन ताजा अपडेट फैंस को उत्साहित कर देगा।

शूटिंग

'कैप्टन इंडिया' की शूटिंग पर आया ये अपडेट

मिड-डे के मुताबिक, विमानन पर आधारित ड्रामा फिल्म 'कैप्टन इंडिया' इस गर्मी में फ्लोर पर आ जाएगी। परियोजना से जुड़े अंदरूनी सूत्र ने कहा, "फिल्म निर्माता मई और जुलाई के बीच शूटिंग करने की योजना बना रहे हैं।" दरअसल, निर्देशन में बदलाव के चलते यह जिम्मेदारी 'चक दे ​​इंडिया' (2007) फेम शिमित अमीन को दी गई, लेकिन बीच में खबरें आईं कि उन्होंने भी परियोजना से हाथ खींच लिए हैं। तभी से फिल्म बंद होने की चर्चा शुरू हो गई।

फिल्म

ट्रैक पर लौट चुकी है 'कैप्टन इंडिया'

सूत्र ने आगे कहा, "देरी के कारण ये अफवाहें फैलीं। लेकिन फिल्म सही ट्रैक पर है और शिमित इसका निर्देशन कर रहे हैं। कार्तिक फिलहाल टी-सीरीज की एक और फिल्म की शूटिंग कर रहे हैं, जिसके बाद वह इस फिल्म की शूटिंग शुरू करेंगे।" बता दें कि जुलाई, 2021 में फिल्म 'कैप्टन इंडिया' से कार्तिक का पहला लुक जारी किया गया था। फिलहाल अभिनेता करण जौहर की फिल्म 'नागजिला' को लेकर चर्चा में हैं जो 14 अगस्त को रिलीज होगी।

Advertisement