बॉलीवुड में भेड़-चाल पर करीना कपूर का तंज- 'एनिमल' क्या चली, सबको हिंसा दिखानी है
क्या है खबर?
करीना कपूर इस वक्त फिल्म 'दायरा' को लेकर खबरों में हैं, जिसमें उनके साथ पृथ्वीराज सुकुमारन नजर आएंगे। मेघना गुलजार द्वारा निर्देशित यह फिल्म 18 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए तैयार है। इस बीच, अभिनेत्री ने बॉलीवुड की 'हर्ड मेंटैलिटी' (भेड़-चाल वाली सोच) को लेकर अपने विचार साझा किये और रणबीर कपूर की फिल्म 'एनिमल' की सफलता का उदाहरण देकर तंज कसा है। उन्होंने बताया कि आज के दर्शक पहले से ज्यादा समझदार हो चुके हैं।
सोच
सिर्फ फिल्म स्टार या जॉनर देखकर नहीं आते दर्शक
एक इंटरव्यू में करीना ने बताया कि दर्शक फिल्म के स्टार्स या जॉनर को देखकर फिल्म देखने नहीं आते हैं।
उन्होंने कहा, "हमारे दर्शक जितना हम सोचते हैं, उससे कहीं ज्यादा समझदार हैं। उन्हें पता है कि अच्छी फिल्म कौन-सी है और वे उसे देखना चाहते हैं। आज बात सिर्फ युवा प्रेम कहानी की नहीं है। ये सब बातें बहुत पुरानी हो चुकी हैं, जैसे अभी हिंसा चल रही है। एनिमल चल गई तो चलो सब हिंसा कर लेते हैं।"
तंज
"हम भीड़ मानसिकता के शिकार"
अभिनेत्री ने आगे कहा, "हम भीड़ मानसिकता के शिकार हैं, क्या कहें? फिर युवा दर्शक सोचने वाले सवाल पूछेंगे। अब फिल्म निर्माता यह कहकर फिल्म नहीं बना सकते कि यह कॉमेडी है, इसलिए लोग इसे जरूर देखेंगे! हर फिल्म 200 करोड़ या 500 करोड़ रुपये नहीं कमाएगी। मुझे लगता है कि हम इसे बदल रहे हैं और दर्शक इसमें हमारी मदद कर रहे हैं।"
बता दें, 'एनिमल' 2023 में रिलीज हुई थी, जिसका निर्देशन संदीप रेड्डी वांगा ने किया था।