Page Loader
'K3G' की रिलीज से पहले डर गए थे करण जौहर, लेनी पड़ी थी मनोचिकित्सक की मदद
करण जौहर के अनुसने किस्से (तस्वीर: इंस्टाग्राम/@karanjohar)

'K3G' की रिलीज से पहले डर गए थे करण जौहर, लेनी पड़ी थी मनोचिकित्सक की मदद

May 25, 2023
02:07 pm

क्या है खबर?

करण जौहर करीब 7 साल बाद निर्देशक की कुर्सी पर लौटे हैं। गुरुवार को उन्होंने अपनी फिल्म 'रॉकी और रानी की प्रेम कहानी' के कई पोस्टर साझा किए। करण इस दौर के सबसे सफल निर्माता-निर्देशकों में से एक हैं। हालांकि, एक वक्त ऐसा भी था, जब करण को खुद पर बिल्कुल भरोसा नहीं था और वह फिल्म इंडस्ट्री के साथ देश भी छोड़ देना चाहते थे। आमिर खान की 'लगान' की सफलता देखकर वह बेहद परेशान हो गए थे।

लगान 

'लगान' की सफलता से दबाव में आए करण

करण ने अपनी किताब 'ऐन अनसूटेबल बॉय' में बयां किया है कि कैसे फिल्म 'कभी खुशी कभी गम' (K3G) के ठीक पहले आमिर खान की 'लगान' की सफलता को देखकर उन्हें अपनी काबिलियत पर शक हो रहा था। 'K3G' की रिलीज से पहले करण काफी परेशान थे। उन्हें हमेशा लगता रहता था कि उनकी फिल्मों को 'लगान' जैसा सम्मान नहीं मिला। वह हमेशा अपनी फिल्मों की आलोचनाओं और उन पुरस्कारों के बारे में सोचते रहते, जो उन्हें नहीं मिले।

घटना

करण को था इस बात का डर

'K3G' की रिलीज से पहले करण इतना घबरा गए थे कि उन्हें एक मनोचिकित्सक से मिलना पड़ा। करण की घबराहट की वजह यह थी कि उनके पिता ने उन्हें बताया था कि अगर यह फिल्म नहीं चली, तो उन्हें अपना घर छोड़ना पड़ सकता है। इस फिल्म के लिए करण को पिता यश जौहर की कंपनी धर्मा प्रोडक्शंस ने 50 करोड़ रुपये का बजट दिया था। करण के मुताबिक नए दौर में यह 500 करोड़ देने जैसा है।

मन्नत

K3G की सफलता के लिए मांगी थी ये मन्नत?

करण ने लग रहा था कि उनकी फिल्म फ्लॉप होने वाली है। इसके बाद उन्हें अपने पुराने घर में शिफ्ट होना पड़ेगा। जैसे-जैसे फिल्म की रिलीज करीब आ रही थी, करण की घबराहट बढ़ती जा रही थी। वह सोचने लगे कि अगर सबकुछ सही रहता है तो वह नॉन वेज खाना छोड़ देंगे, सिद्धिविनायक मंदिर चलकर जाएंगे। फिल्म रिलीज होने के बाद इसे देखने के लिए लिबर्टी सिनेमा के बाहर लगी लाइन देखकर वह हैरान रह गए थे।

K3G

2001 में आई थी K3G

करण जौहर द्वारा निर्देशित 'कभी खुशी कभी गम' 2001 में रिलीज हुई थी। फिल्म में शाहरुख खान और काजोल ने मुख्य भूमिका निभाई थी। इनके अलावा फिल्म में ऋतिक रोशन, करीना कपूर, अमिताभ बच्चन, जया बच्चन और रानी मुखर्जी भी शामिल थे। रिलीज के बाद फिल्म ब्लॉकबस्टर साबित हुई थी। इस मल्टीस्टारर फिल्म को आज भी पसंद किया जाता है। यह फिल्म नेटफ्लिक्स और प्राइम वीडियो जैसे प्लेटफॉर्म पर मौजूद है।

जानकारी

न्यूजबाइट्स प्लस

करण की फिल्म 'रॉकी और रानी की प्रेम कहानी' 28 जुलाई को रिलीज होगी। इस फिल्म में आलिया भट्ट और रणवीर सिंह मुख्य भूमिका में होंगे। इनके साथ धर्मेंद्र, शबाना आजमी और जया बच्चन भी नजर आएंगी।