ट्रोलिंग और नफरत आभासी हैं, ये सच नहीं हैं- करण जौहर
क्या है खबर?
बीते कुछ सालों से करण जौहर अपनी फिल्मों से ज्यादा ट्रोलिंग की वजह से चर्चा में रहते हैं। करण के साथ-साथ उनके चर्चित चैट शो में आने वाले मेहमान भी ट्रोलिंग का शिकार होते हैं।
करण पर नेपोटिज्म और कुछ खास कलाकारों को ही बढ़ावा देने का आरोप लगता रहा है।
उनका शो 'कॉफी विद करण' जितना पसंद किया जाता है, उतना ही विवादों में भी रहता है। अब करण ने शो को मिलने वाली नफरत पर बात की है।
बयान
ये नफरत असल नहीं हैं- करण
PTI से बातचीत में करण ने कहा कि एक समय था जब सोशल मीडिया पर बॉलीवुड के प्रति काफी नफरत देखने को मिली थी। 'कॉफी विद करण' उन सारी नफरतों का केंद्र बन गया था।
करण ने कहा, "मुझे पता था यह सबकुछ आभासी है और असल नहीं है। ये नफरत सच में नहीं हैं वर्ना डिज्नी+ हॉटस्टार यह शो क्यों बनाना चाहता, हमारे मेहमान शो पर क्यों आते? ये नेगेटिविटी सच नहीं थीं।"
बॉलीवुड
"बॉलीवुड से नफरत कैसे कर सकते हैं?"
बॉलीवुड के प्रति सोशल मीडिया पर फैली नफरत पर बात करते हुए करण ने कहा कि लोग 100 सालों से बॉलीवुड से प्यार करते आए हैं। अब अचानक उससे नफरत कैसे कर सकते हैं।
इन नकारात्मक लहरों ने कभी भी फिल्ममेकर को परेशान नहीं किया क्योंकि वह जानते थे ये सब अस्थाई है।
करण का मानना है कि बॉलीवुड के प्रति नफरत लोगों के अपने गुस्से और झुंझलाहट की वजह से है।
नया सीजन
शुरू हो रहा 'कॉफी विद करण 7'
गुरुवार से 'कॉफी विद करण' का नया सीजन शुरू हो रहा है। शो की घोषणा के बाद से ही प्रशंसक इसका बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। अब तक शो के कई प्रोमो रिलीज हो चुके हैं।
पहले एपिसोड में आलिया भट्ट और रणवीर सिंह दिखाई देंगे। प्रोमो में करण, आलिया और रणवीर की मजेदार केमिस्ट्री देखने को मिली है।
वहीं, शो में अक्षय कुमार, अनिल कपूर, सामंथा रुथ प्रभु जैसे सितारे भी नजर आएंगे।
आगामी फिल्में
करण जौहर की आने वाली फिल्में
करण जौहर की धर्मा प्रोडक्शन की फिल्म 'ब्रह्मास्त्र' चर्चा में है। यह फिल्म सितंबर में रिलीज होगी।
करण रणवीर सिंह और आलिया भट्ट के साथ 'रॉकी और रानी की प्रेमकहानी' पर भी काम कर रहे हैं।
धर्मा की फिल्म 'मिस्टर एंड मिसेज माही' की शूटिंग भी शुरू हो चुकी है। इस फिल्म में राजकुमार राव और जाह्नवी कपूर साथ नजर आएंगे।
वहीं उनकी फिल्म 'लाइगर' और 'दोस्ताना 2' भी लंबे समय से चर्चा में हैं।
जानकारी
न्यूजबाइट्स प्लस
लोकप्रिय डांस रिएलिटी शो 'झलक दिखला जा' का सीजन 10 शुरू होने वाला है। चर्चा है कि इस शो को करण जौहर माधुरी दीक्षित के साथ जज करेंगे।