करण जौहर का सबसे बड़ा दांव, 'राधा-कृष्ण' की भव्य प्रेम कहानी पर बनाएंगे फिल्म
क्या है खबर?
करण जौहर ने पिछले 3 दशकों में भारतीय सिनेमा को कई बड़ी और यादगार फिल्में दी हैं। अब वो कुछ अलग और भव्य करने की तैयारी में हैं। खबरों के मुताबिक, करण जौहर अपने बैनर धर्मा प्रोडक्शंस के तहत राधा-कृष्ण की प्रेम कहानी को बड़े पर्दे पर उतारने वाले हैं। ये फिल्म इतिहास, प्रेम और भव्य दृश्यों का शानदार मेल होगी। रोमांटिक फिल्मों के लिए मशहूर करण इस प्रोजेक्ट के जरिए दर्शकों के सामने एक नई दुनिया पेश करेंगे।
कहानी
लंबे इंतजार के बाद करण को मिली राधा-कृष्ण की कहानी
करण जौहर लंबे समय से राधा-कृष्ण की प्रेम कहानी पर फिल्म बनाना चाहते थे। अब आखिरकार उन्हें ऐसी कहानी मिल गई है, जो इस महान प्रेम कथा के साथ पूरा न्याय करती है।
पिंकविला की रिपोर्ट के मुताबिक, ये फिल्म करण के धर्मा प्रोडक्शंस के बैनर तले बनेगी। फिल्म की कहानी लिखने के साथ इसका निर्देशन सचिन रवि करेंगे। इस प्रोजेक्ट पर काम तेजी से चल रहा है और फिल्म इस समय निर्माण के अहम चरण में है।
परिचय
कन्नड़ सिनेमा में मशहूर हैं सचिन रवि
सचिन रवि को साल 2019 में आई कन्नड़ फिल्म 'अवने श्रीमन्नारायण' के निर्देशन के लिए जाना जाता है। रक्षित शेट्टी की ये फैंटेसी-कॉमेडी फिल्म बॉक्स ऑफिस पर हिट साबित हुई थी।
सचिन कई सफल कन्नड़ फिल्मों में एडिटर के तौर पर भी काम कर चुके हैं। इनमें 'किरिक पार्टी', 'उलिदावरु कंडांथे' और 'सिंपल अगि ओंध लव स्टोरी' जैसी फिल्में शामिल हैं।
अब वो करण जौहर की बड़ी फिल्म का निर्देशन करेंगे, जो बतौर निर्देशक उनकी पहली बॉलीवुड फिल्म होगी।
आकर्षण
राधा-कृष्ण का प्रेम होगा फिल्म की जान
टीम इस फिल्म को बड़े और भव्य स्तर पर बनाने की तैयारी कर रही है, लेकिन कहानी की भावनाओं और प्रेम को सबसे ज्यादा महत्व दिया जाएगा।
फिल्म में राधा-कृष्ण के दिव्य प्रेम के साथ रोमांस, ड्रामा और दर्द भी देखने को मिलेगा।
कहानी कृष्ण के जन्म से शुरू होकर कंस के वध तक का सफर दिखाएगी। हालांकि, फिल्म का सबसे खास हिस्सा राधा और कृष्ण की प्रेम कहानी ही होगी, जो दर्शकों के दिलों को छूने की कोशिश करेगी।