धर्मा प्रोडक्शंस का नया दांव, 'जिंदगी वन्स मोर' से गुजराती सिनेमा में करण जौहर की एंट्री
क्या है खबर?
बॉलीवुड में एक से बढ़कर एक फिल्में देने के बाद अब फिल्ममेकर करण जौहर क्षेत्रीय सिनेमा में एक बड़ा धमाका करने के लिए तैयार हैं। धर्मा प्रोडक्शंस ने गुजराती फिल्म इंडस्ट्री में कदम रखने का आधिकारिक ऐलान कर दिया है। इस पहली गुजराती फिल्म का नाम 'जिंदगी वन्स मोर' होगा, जिसमें गुजराती सिनेमा के दिग्गज सुपरस्टार सिद्धार्थ रांदेरिया मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। धर्मा की एंट्री से गुजराती सिनेमा में एक नए युग की शुरुआत मानी जा रही है।
पहली फिल्म
धर्मा प्रोडक्शंस के हाथों में कमान, इस दिन रिलीज होगी पहली गुजराती फिल्म
धर्मा प्रोडक्शंस फिल्म 'जिंदगी वन्स मोर' के साथ गुजराती फिल्म इंडस्ट्री में कदम रखने के लिए पूरी तरह तैयार है। ये एक पारिवारिक फिल्म है, जिसमें सिद्धार्थ रांदेरिया मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। आरती पटेल भी इसमें एक अहम किरदार में नजर आएंगी। वार्ताकार फिल्म्स के सहयोग से बनी ये फिल्म 19 जून, 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। इस फिल्म को धर्मा प्रोडक्शंस द्वारा प्रस्तुत किया जा रहा है। इसके निर्माता वासु ढोलकिया तो निर्देशक जैमिन हैं।
कहानी
पिता-पुत्र के अनोखे रिश्ते पर बनी 'जिंदगी वन्स मोर'
फिल्म की कहानी पिता-पुत्र के रिश्ते पर आधारित है, जो इस विचार को दिखाती है कि बच्चे शायद ही कभी ये जान पाते कि उनके जन्म से पहले उनके पिता वास्तव में क्या या कैसे थे। ये फिल्म 'फादर्स डे' के वीकेंड पर रिलीज होगी। 'जिंदगी वन्स मोर' से जैमिन बतौर निर्देशक अपने करियर की शुरुआत कर रहे हैं, जबकि इसकी कहानी दीप ढोलकिया ने लिखी है। दीप इस फिल्म से बतौर एक्टर अपना एक्टिंग डेब्यू भी कर रहे हैं।
ऐलान
गुजराती सिनेमा में कदम रखने पर बोले धर्मा प्रोडक्शंस के CEO अपूर्व मेहता
धर्मा प्रोडक्शंस के CEO अपूर्व मेहता ने कहा कि स्टूडियो का गुजराती सिनेमा में कदम रखना अलग-अलग भाषाओं में कहानियां पहुंचाने के बड़े विजन का हिस्सा है। उन्होंने कहा, "धर्मा का मानना है कि अच्छी कहानियों की कोई भाषा नहीं होती। गुजराती फिल्म इंडस्ट्री बदलाव के दौर में है। 'जिंदगी वन्स मोर' के जरिए इस मार्केट में आने का फैसला दिल को छूने वाली सांस्कृतिक कहानियों को समर्थन देने के लिए लिया गया।"
बयान
पूरी गुजराती फिल्म इंडस्ट्री के लिए बड़ी उपलब्धि
निर्माता वासु ढोलकिया ने कहा कि गुजराती सिनेमा में धर्मा प्रोडक्शंस का कदम उठाना इस इंडस्ट्री के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा, "इस क्षेत्र में धर्मा प्रोडक्शंस का आना पूरी गुजराती फिल्म इंडस्ट्री के लिए एक बहुत बड़ी उपलब्धि है। ये हमारे सिनेमा की बेहतरीन कहानियों की क्षमता और व्यावसायिक मजबूती को साबित करता है। सिद्धार्थ रांदेरिया और नई टीम के साथ हमने ऐसी फिल्म बनाई है, जो नया बेंचमार्क स्थापित कर सकती है।"