LOADING...
असम में बाढ़ प्रभावितों की मदद के लिए आगे आए बॉलीवुड सितारे, मुख्यमंत्री ने जताया आभार

असम में बाढ़ प्रभावितों की मदद के लिए आगे आए बॉलीवुड सितारे, मुख्यमंत्री ने जताया आभार

Jul 06, 2022
10:00 pm

क्या है खबर?

बीते कई हफ्तों से असम भीषण बाढ़ की चपेट में है। असम के कई जिले पानी में डूबे हुए हैं और अब तक 170 से ज्यादा लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। इन बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में जनजीवन बुरी तरह प्रभावित है। NDRF की मदद से राज्य में राहत और बचाव कार्य जारी है। वहीं, देश के कई हिस्सों से लोग मुख्यमंत्री रिलीफ फंड में दान कर रहे हैं। बॉलीवुड सितारे भी इस काम के लिए आगे आए हैं।

दान

इन सितारों ने राहत कोष के लिए किया दान

असम में बाढ़ प्रभावित लोगों की मदद के लिए फिल्ममेकर करण जौहर ने 11 लाख रुपये की राशि दान की है। मुख्यमंत्री हेमंत बिस्वा ने ट्वीट करके करण का धन्यवाद दिया। उन्होंने फिल्ममेकर रोहित शेट्टी को भी लोगों को एकजुट करने के लिए धन्यवाद दिया। रोहित और अभिनेता अर्जुन कपूर ने भी मुख्यमंत्री राहत कोष में पांच-पांच लाख रुपये की राशि दी थी। मुख्यमंत्री ने अपने ट्वीट में इन दोनों सितारों को भी धन्यवाद दिया है।

ट्विटर पोस्ट

मुख्यमंत्री हेमंत बिस्वा का ट्वीट

Advertisement

असम में बाढ़

कई दिनों से बाढ़ की चपेट में है असम

असम के 22 जिलों में 21.52 लाख से अधिक लोग अभी भी बाढ़ से प्रभावित हैं। बारपेटा सबसे अधिक प्रभावित जिला है और यहां लगभग 6.15 लाख लोग बाढ़ से प्रभावित हैं। इसके बाद नगांव है जहां बाढ़ के कारण 5.13 लाख से अधिक लोगों को विस्थापित होना पड़ा है। प्रभावित लोगों की मदद के लिए 18 जिलों में संबंधित जिला प्रशासनों ने 538 राहत शिविर स्थापित किए हैं। इनमें करीब 1.91 लाख लोगों ने शरण ली है।

Advertisement

आपदा

देश के कई हिस्से झेल रहे मौसम की मार

इन दिनों बारिश और बाढ़ से देश के अलग-अलग हिस्से बुरी तरह प्रभावित हैं। बुधवार को हिमाचल प्रदेश में बादल फटने से बाढ़ आ गई और कई लोग लापता हो गए। मणिकर्ण घाटी में बादल फटने के बाद पार्वती नदी में उफान से आई बाढ़ में एक महिला सहित पांच लोग बह गए। शिमला में बारिश के बाद भूस्खलन की चपेट में आने से 14 वर्षीय किशोरी की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग घायल हो गए।

मुंबई

बारिश से थम गई मायानगरी

महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में जारी बारिश का दौर अब भी जारी है। बारिश से कई रेलवे ट्रैक जलमग्न हो गए और ट्रेनों का संचालन बाधित हो रहा है। इसी तरह 25 जगहों पर जलभराव होने से सार्वजनिक परिवहन की बसों का मार्ग बदला गया है। इसके अलावा सायन के चूनाभट्टी में एक पहाड़ी पर हुए भूस्खलन की चपेट में आने से तीन लोग घायल हो गए। सतारा जिले में प्रतापगढ़ किले के पास भी भूस्खलन होने की खबर है।

Advertisement