सीरीज 'राख' देखकर परेशान हुए करण जौहर, बोले- लगता नहीं सदमे से उबर पाऊंगा
क्या है खबर?
अली फजल की क्राइम थ्रिलर वेब सीरीज 'राख' हाल ही में रिलीज हुई है। फिल्म निर्माता करण जौहर ने इसे देखने के बाद सोशल मीडिया पर लंबा-चौड़ा पोस्ट करके सीरीज का रिव्यू किया। उन्होंने बताया कि कैसे सीरीज का आखिरी एपिसोड देखने के बाद वह परेशान हो गए। उन्हें नहीं लगता कि इस दिल दहला देने वाली सीरीज से लगे सदमे से वो जल्द बाहर आ भी सकेंगे। बता दें, 'राख' सीरीज 48 साल पुराने रंगा-बिल्ला मामले पर आधारित है।
रिव्यू
करण ने बताया क्यों हो गए परेशान
उन्होंने लिखा, 'मैं इंस्टाग्राम से कुछ वक्त के लिए ब्रेक लेने की कोशिश कर रहा था। मुझे लगा कि मैं कामयाब हो गया, लेकिन फिर मैंने यह दिल दहलाने वाली सीरीज देखी। मुझे अपनी बात कहने की जरूरत महसूस हुई। अभी रात के 1:35 बज रहे हैं और आखिरी एपिसोड देखकर मैं बहुत परेशान हूं।' करण ने बताया कि यह सीरीज इंसानियत के सबसे बुरे पहलू को दिखाती है। उन्हें नहीं पता कि वह इस सदमे से जल्द उबर पाएंगे।
तारीफ
सोनाली बेंद्रे और आमिर बशीर के लिए कही ये बात
प्रोसित रॉय द्वारा निर्देशित 'राख' में सोनाली बेंद्रे और आमिर बशीर भी अहम किरदारों में हैं। करण ने प्रोसित की अविश्वसनीय कहानी कहने की कला, उनकी सशक्त पकड़ और भावनात्मक चित्रण की तारीफ की और सोनाली व आमिर के अभिनय को उम्दा बताया। साथ में अली को उनके बेहतरीन और दमदार काम के लिए बधाई दी और पूरी टीम को शुभकामनाएं भेजीं। बता दें, 'राख' का प्रीमियर 12 जून को अमेजन प्राइम वीडियो पर हुआ था।