करण जौहर सोशल मीडिया पर क्यों भड़के? DCAA वाले बयान पर दी सफाई
क्या है खबर?
फिल्म निर्माता करण जौहर अपनी टैलेंट मैनेजमेंट एजेंसी, धर्मा कॉर्नरस्टोन एजेंसी (DCAA) को बदलने के मुद्दे पर दिए गए बयान को लेकर फिर चर्चा में आ गए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट किया और मीडिया से सनसनीखेज खबरों से बचने का आग्रह किया है। करण ने पोस्ट में नाराजगी व्यक्त करते हुए स्पष्ट किया कि उनके इंटरव्यू की एक लाइन को संदर्भ से हटाकर पेश किया गया था। आइए जानते हैं कि आखिर क्या है पूरा मामला।
पोस्ट
बयान को तोड़-मरोड़कर पेश करने पर भड़के निर्माता
करण ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर लिखा, 'मैं सनसनीखेज शीर्षकाें के बारे में विनम्रतापूर्वक कुछ कहना चाहता हूं...हममें से बहुत लोग इंटरव्यू और पॉडकास्ट देते हैं। ऐसा करने में खुशी होती है...लेकिन इंटरव्यू की एक लाइन को संदर्भ से हटाकर उल्लेखित करना सिर्फ सनसनीखेज है और इससे बोलने का मन ही नहीं करता...' उन्होंने लिखा, 'विनम्र निवेदन है कि ऐसी किसी लाइन को उल्लेखित न करें जो व्यक्तिगत, आपत्तिजनक या सनसनीखेज लगने की बजाए, बयान को तोड़-मरोड़कर पेश करती हो।'
मामला
जानिए आखिर क्या है पूरा मामला
हाल ही में, एक इंटरव्यू के दौरान करण ने धर्मा कॉर्नरस्टोन एजेंसी (DCAA) छोड़ने के लिए बॉलीवुड कलाकारों में "वफादारी की कमी" को लेकर बयान दिया था। उन्होंने कहा था कि आज के कलाकार "किसी के सगे नहीं हैं।" वह हर 2 साल में अपनी एजेंसी बदलते हैं। इसके बाद से अटकलें लगने लगीं कि उन्होंने बिना नाम लिए जाह्नवी कपूर पर निशाना साधा है। दरअसल, जाह्नवी कुछ दिन पहले DCAA को छोड़कर, कलेक्टिव आर्टिस्ट नेटवर्क एजेंसी से जुड़ी हैं।