'कांतारा' विवाद में माफी के लिए हलफनामा दाखिल करेंगे रणवीर सिंह, अप्रैल में होगी सुनवाई
क्या है खबर?
रणवीर सिंह फिल्म 'धुरंधर 2: द रिवेंज' को लेकर खूब चर्चा बटोर रहे हैं। दूसरी ओर 'कांतारा' फिल्म से जुड़े विवाद को लेकर कर्नाटक हाई कोर्ट ने 24 मार्च को सुनवाई की। इस दौरान शिकायतकर्ता ने अभिनेता द्वारा मांगी गई माफी पर आपत्ति जताई और कहा कि यह उनकी सोशल मीडिया टीम द्वारा साझा की गई हो सकती है। वहीं रणवीर के वकील ने कहा कि अभिनेता जल्द कोर्ट में लिखित माफीनामा दाखिल करेंगे। अगली सुनवाई 10 अप्रैल को होगी।
सुनवाई
बिना शर्त माफी मांगेंगे रणवीर सिंह
कोर्ट में सुनवाई के दौरान, शिकायतकर्ता के वकील प्रशांत मेथल ने तर्क दिया कि रणवीर द्वारा मांगी गई माफी में ईमानदारी की कमी थी। उन्होंने सिर्फ इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए माफी मांगी थी, मौखिक रूप से नहीं। यह भाव दिल से नहीं था। जवाब में, अभिनेता के वकील ने अदालत को सूचित किया कि एक हलफनामा दाखिल किया जाएगा, जिसमें अभिनेता बिना शर्त माफी मांगेंगे। उन्होंने कहा कि 'कांतारा' दैव की नकल करने के लिए अभिनेता असल में आहत हैं।
मामला
जानिए कहां से शुरू हुआ विवाद
यह विवाद गोवा में आयोजित 56वें भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (IFFI) के समापन समारोह से जुड़ा है। कार्यक्रम के दौरान अभिनेता ने कहा था, "मैंने 'कांतारा चैप्टर 1' देखी। क्या कहूं, ऋषभ शेट्टी की परफॉर्मेंस बेहतरीन थी। खासकर, जब आपके अंदर फीमेल भूत आती है तो आपने कमाल का शॉट दिया।" उनकी इस टिप्पणी से लोग खफा हो गए थे। लोगों का कहना था कि अभिनेता ने जिस दैवीय शक्ति को भूत कहा है, वह उनकी देवी चामुंडी हैं।