LOADING...
कन्नड़ अभिनेता-निर्माता दिलीप राज का निधन, 47 साल की उम्र में पड़ा दिल का दौरा
अभिनेता-निर्माता दिलीप राज का निधन

कन्नड़ अभिनेता-निर्माता दिलीप राज का निधन, 47 साल की उम्र में पड़ा दिल का दौरा

May 13, 2026
09:44 am

क्या है खबर?

कन्नड़ सिनेमा को बड़ा झटका लगा है, जिससे इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई। लोकप्रिय कन्नड़ अभिनेता और निर्माता दिलीप राज का 13 मई की तड़के निधन हो गया है। उनकी उम्र 47 साल थी। परिवार के सदस्यों के मुताबिक, अभिनेता-निर्माता को अचानक दिल का दाैरा पड़ा। आनन-फानन में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टर ने दिलीप को मृत घोषित कर दिया। अचानक आई इस दुखद खबर से अभिनेता के फैंस और करीबी सदमे में हैं।

परिचय

दिलीप राज के बारे में जानिए

दिलीप का जन्म 2 सितंबर 1978 को बेंगलुरु में हुआ था। खबरों के अनुसार, कॉलेज में पढ़ाई के दौरान ही उनका रुझान डांस निर्देशन की तरफ हो गया था, जिसके बाद वह एक ड्रामा ग्रुप में शामिल हो गए थे। इसके बाद उन्होंने बतौर अभिनेता सिनेमा की दुनिया में रुख किया। उन्होंने फिल्म 'भाई फ्रेंड' (2005) से डेब्यू किया। इसके बाद फिल्म 'मिलाना' (2007) में खलनायक बनकर प्रसिद्धी हासिल की। उन्हें 'यू-टर्न' और 'बॉयफ्रेंड' जैसी फिल्मों में देखा गया है।

निर्माता

निर्माता बनकर टीवी की दुनिया में बढ़ाया कदम

अभिनय में सक्रिय रहने के बाद, दिलीप ने बतौर निर्माता छोटे पर्दे पर कदम रखा और अपने बैनर DR क्रिएशन्स के तहत टीवी शो में काम किया। उन्हें जी कन्नड़ के शो 'हिटलर कल्याण' से खूब लोकप्रियता मिली थी। उनके अन्य चर्चित शो 'कंबडा माने', 'मांगल्या', 'जननी', 'अर्ध सत्य', 'रंगोली' और 'कुमकुम भाग्य' रहे हैं। अभिनय के अलावा, वह कुछ रियलिटी शोज के जज भी रह चुके थे और जाने-माने डबिंग कलाकार भी थे।

Advertisement