LOADING...
कंगना रनौत बोलीं- मुझे डायन बना दिया, लोग कहते थे ये चुड़ैल है; खून पीती है
कंगना रनौत पर जब लगे काला जादू और खून पीने के आरोप

कंगना रनौत बोलीं- मुझे डायन बना दिया, लोग कहते थे ये चुड़ैल है; खून पीती है

Apr 17, 2026
10:04 am

क्या है खबर?

कंगना रनौत एक बार फिर अपने बेबाक बयानों को लेकर चर्चा में हैं। हाल ही में उन्होंने अपने करियर के उस सबसे विवादित दौर को याद किया, जब उन पर 'काला जादू' करने के गंभीर आरोप लगे थे। कंगना ने साझा किया कि कैसे उनके पूर्व प्रेमी अध्ययन सुमन के दावों के बाद उन्हें फिल्म इंडस्ट्री और समाज में एक 'डायन' की तरह देखा जाने लगा था।

आपबीती

कंगना ने सुनाई अपने खिलाफ फैली अफवाहों की कहानी

कंगना के पूर्व प्रेमी अध्ययन सुमन ने उन पर शारीरिक और मानसिक शोषण के साथ-साथ 'काला जादू' करने के गंभीर आरोप लगाते हुए केस दर्ज कराया था। ANI पॉडकास्ट पर बात करते हुए कंगना ने अध्ययन का नाम लिए बिना कहा, "मेरे एक्स, जिन्होंने मुझ पर केस दर्ज कराया था, उस पर भी कुछ लोग खड़े हो गए और कहने लगे कि ये तो चुड़ैल है, खून पीती है। काले कमरे में काले पर्दे लगाकर काला जादू करती है।"

शुरुआत और विवाद

राज 2 से शुरू हुई लव स्टोरी, बाद में बना बड़ा विवाद

कंगना ने आगे कहा कि वो दौर उनके लिए एक 'विच-हंट' (किसी को निशाना बनाकर प्रताड़ित करना) जैसा था, जहां पूरी दुनिया उन्हें एक अपराधी और डरावनी छवि वाली महिला के रूप में देखने लगी थी। कंगना और अध्ययन ने साल 2008-09 के आसपास एक-दूसरे को डेट किया था, जब वे फिल्म 'राज 2' में साथ काम कर रहे थे। हालांकि, उनके बीच कानूनी विवाद काफी बाद में साल 2015 में शुरू हुआ था।

Advertisement

दिल की बात

आरोपों के तूफान में खुद को बचाने की कोशिश कर रही थीं कंगना

कंगना ने कहा, "उस वक्त मुझे बदनाम करने का एक अभियान चल रहा था। मैं मुश्किल से 26 या 27 साल थी। जब लोग मेरे साथ इस तरह का व्यवहार कर रहे थे तो मेरे पास उन्हें अच्छा दिखाने या उनके बारे में अच्छा बोलने की कोई वजह नहीं थी। मैं उस दौरान अपनी तरफ से पूरी कोशिश कर रही थीं कि इस मुश्किल वक्त और आरोपों के तूफान का सामना कर सकूं और खुद को इससे बचा सकूं।"

Advertisement

सहारा

मुश्किल वक्त में 'क्वीन' ने दिया कंगना को सहारा

कंगना ने बताया कि उस कठिन दौर में उन्हें अपने करियर की उपलब्धियों, खासकर फिल्म 'क्वीन' की बॉक्स-ऑफिस सफलता और समीक्षकों से मिली तारीफों से हिम्मत मिली। विकास बहल के निर्देशन में बनी और अनुराग कश्यप, विक्रमादित्य मोटवानी और मधु मंटेना द्वारा निर्मित 2014 में आई ये कॉमेडी-ड्रामा उन दुर्लभ हिंदी फिल्मों में से एक है, जिसने एक महिला कलाकार के दम पर घरेलू स्तर पर 100 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार किया था।

बयान

अध्ययन ने क्या कहा था?

अध्ययन ने साल 2016 में खुलासा किया था कि ब्रेकअप के 7 साल बाद उन्होंने कंगना के खिलाफ शिकायत क्यों दर्ज कराई। उन्होंने कहा था, "बहुत लंबे समय तक मैंने इस बात को छुपाए रखा कि वो मेरे साथ शारीरिक रूप से हिंसक थीं। अगर मैंने यह बात बताई होती तो शायद मेरी मां अपना आपा खो देतीं। मां टूट जातीं, लेकिन आखिरकार दर्द और यातना सहना मेरे बस से बाहर हो गया, इसलिए सच सामने लाना पड़ा।"

Advertisement