Page Loader
बेटी न्यासा के जन्म से पहले मेरा दो बार गर्भपात हो चुका है- काजोल
'कभी खुशी कभी गम' के वक्त गर्भपात से गुजर रही थीं काजोल

बेटी न्यासा के जन्म से पहले मेरा दो बार गर्भपात हो चुका है- काजोल

Aug 19, 2022
07:00 am

क्या है खबर?

काजोल और अजय देवगन बॉलीवुड के पसंदीदा कपल्स में से एक हैं। दोनों की शादी को करीब 23 साल हो चुके हैं। दोनों दो बच्चों के माता-पिता हैं। इतने लंबे समय में दोनों ने कई उतार-चढ़ाव देखे। अब एक इंटरव्यू में काजोल ने अजय के साथ अपनी जिंदगी पर बात की है। उन्होंने अजय के साथ अपनी डेटिंग भी याद की। उन्होंने यह भी बताया की बेटी न्यासा के जन्म से पहले दो बार उनका गर्भपात भी हो चुका है।

शादी

मीडिया को बता दिया शादी का गलत वेन्यू

काजोल ने ह्यूमन्स ऑफ बॉम्बे को बताया कि उनकी और अजय की मुलाकात फिल्म 'हचलच' के सेट पर हुई थी। काजोल ने कहा कि दोनों में से किसी ने प्रपोज नहीं किया था, लेकिन दोनों जानते थे कि वे साथ हैं। काजोल ने जब अपने घर पर शादी की बात की तो उनके पिता ने उनसे चार दिन तक बात नहीं की थी। अपनी शादी को दोनों निजी रखना चाहते थे इसलिए उन्होंने मीडिया को गलत वेन्यू बता दिया था।

मुश्किल

दो बार गर्भपात से गुजर चुकी हैं काजोल

अपनी शादीशुदा जिंदगी में काजोल और अजय ने कई उतार-चढ़ाव देखे। काजोल दो बार गर्भपात से गुजर चुकी हैं। काजोल ने बताया कि 2001 में वह अपना परिवार बढ़ाना चाहती थीं। 'कभी खुशी कभी गम' के दौरान वह प्रेग्नेंट थीं, लेकिन उनका गर्भपात हो गया था। काजोल ने कहा, "मैं उस दिन अस्पताल में थी। फिल्म ने अच्छा प्रदर्शन किया था, लेकिन वह खुशी का दिन नहीं था। इसके बाद भी एक गर्भपात हुआ। यह कठिन समय था।"

जानकारी

न्यूजबाइट्स प्लस

दो बार गर्भपात के बाद काजोल ने 2003 में बेटी न्यासा को जन्म दिया था। इसके बाद 2010 में काजोल और अजय के बेटे युग का जन्म हुआ। काजोल का कहना है कि अब अपने परिवार के साथ अपनी जिंदगी में वह खुश हैं।

फिल्में

इन फिल्मों में साथ नजर आए अजय-काजोल

फिल्म 'हलचल' के बाद दोनों ने एकसाथ कई फिल्में कीं जो हिट रहीं। 1997 की फिल्म 'इश्क' में दोनों की जोड़ी को खूब पसंद किया गया। इस फिल्म में आमिर खान और जूही चावला भी नजर आए थे। इसके बाद दोनों 'प्यार तो होना ही था' में नजर आए। इन सितारों ने 'दिल क्या करे', 'राजू चाचा' और 'यू मी और हम' जैसी चर्चित फिल्मों में साथ काम किया। दोनों पिछली बाद 2020 में 'तान्हाजी' में साथ नजर आए।

आगामी फिल्में

इन फिल्मों में नजर आएंगे अजय देवगन

आने वाले समय में काजोल की डिज्नी+ हॉटस्टार की एक वेब सीरीज में काम करने की चर्चा है। अजय की बात करें तो उनकी आने वाली फिल्मों में सबसे ज्यादा 'सिंघम 3' की चर्चा है। अजय और तब्बू की फिल्म 'दृश्यम 2' इस साल नवंबर में रिलीज होने की चर्चा है। अजय 'दे दे प्यार दे' के सीक्वल की भी पुष्टि कर चुके हैं। इन फिल्मों के अलावा वह स्पोर्ट्स ड्रामा फिल्म 'मैदान' में नजर आएंगे।