'जुरासिक पार्क' के अभिनेता सैम नील का निधन, 78 साल की उम्र में ली अंतिम सांस
क्या है खबर?
हॉलीवुड की फिल्म 'जुरासिक पार्क' में नजर आ चुके मशहूर अभिनेता सैम नील अब नहीं रहे। उनके परिवार की ओर से सोशल मीडिया पर ये भावुक जानकारी साझा की गई है, जिसमें बताया गया कि अभिनेता ने 78 साल की उम्र में अपनी आखिरी सांस ली। 2023 में, नील ने बताया था कि पिछले साल उन्हें एंजियोइम्यूनोब्लास्टिक टी-सेल लिंफोमा नाम की बीमारी का पता चला है। स्वास्थ्य समस्या के बावजूद वह भविष्य के प्रति अपने दृष्टिकोण पर बात करते रहे।
बयान
78 साल की उम्र में दुनिया छोड़ गए सैम
अभिनेता के परिवार ने इंस्टाग्राम पर भावुक पोस्ट में बताया कि उन्होंने 13 जुलाई को सिडनी, ऑस्ट्रेलिया में दम तोड़ा।
उन्होंने लिखा, 'सैम अपने परिवार से घिरे हुए थे और उन्होंने गरिमा के साथ अंतिम सांस ली, जो उनके पूरे जीवन की विशेषता रही है। यह क्षति अचानक और अप्रत्याशित थी, लेकिन सौभाग्य से सैम कैंसर मुक्त रहे। वे सेंट विंसेंट प्राइवेट हॉस्पिटल के कर्मचारियों के प्रति उनकी अविश्वसनीय देखभाल के लिए अपनी गहरी कृतज्ञता व्यक्त करना चाहते हैं।'
करियर
इन फिल्मों में अपने अभिनय के लिए बटोरी लोकप्रियता
न्यूजीलैंड में जन्मे सैम ने, सिनेमा में अपने 5 दशक से ज्यादा लंबे करियर के दौरान अंतरराष्ट्रीय सिनेमा के सबसे बहुमुखी अभिनेताओं में से एक के रूप में अपनी पहचान बनाई।
वह 'माई ब्रिलियंट करियर' (1979), 'डेड काम' (1989) और 'द पियानो' (1993) जैसी फिल्मों का हिस्सा रहे।
'जुरासिक पार्क' फ्रैंचाइजी में 'डॉ एलन ग्रांट' के किरदार ने उन्हें खूब शोहरत दिलाई।
इसके अलावा, वह 'रेली', 'ऐस ऑफ स्पाइज', 'द ट्यूडर्स' और 'पीकी ब्लाइंडर्स' जैसे टीवी शो में दिखे थे।