मुंबई में प्रदूषण से परेशान जूही चावला, हवा में महसूस हो रही केरोसिन-डीजल जैसी गंध
क्या है खबर?
अभिनेत्री जूही चावला पर्यावरण संरक्षण और हरियाली को लेकर काफी जागरूक रहती हैं। वो अक्सर दोस्तों को जन्मदिन पर पौधे उपहार में देती हैं। हाल ही में उन्होंने अपने जन्मदिन से पहले फैंस से भी पेड़ लगाने की अपील की थी। अब जूही ने एक्स पर मुंबई की खराब होती हवा पर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि शहर की हवा में जले हुए ईंधन जैसी अजीब गंध आ रही है।
प्रदूषण
मुंबई के बढ़ते प्रदूषण के बीच जूही का सवाल
जूही ने एक्स पर लिखा, 'क्या कोई मुझे बताएगा कि हवा में यह जले हुए ईंधन जैसी अजीब गंध क्या है? ये बिल्कुल मिट्टी के तेल या डीजल जैसी लग रही है। मैं इसे पिछले कई दिनों से सुबह से लेकर दिन के अलग-अलग समय पर महसूस कर रही हूं। क्या किसी और को भी ये गंध आ रही है? मुझे जरूर बताएं।'
अभिनेत्री का ये ट्वीट तब आया है, जब मुंबई बढ़ते वायु प्रदूषण से जूझ रहा है।
ट्विटर पोस्ट
यहां देखिए जूही का पोस्ट
Will someone please tell me what this strange burnt-fuel smell in the air is..?? Almost like kerosene or diesel.
— Juhi Chawla Mehta (@iam_juhi) November 12, 2026
I’ve been noticing it for several days now, from early morning and at different times through the day.
Is anyone else smelling this too? Let me know..
प्रतिक्रिया
लोगों ने भारी ट्रैफिक और जनरेटर के धुएं को बताया गंध का कारण
जूही के पोस्ट पर कई लोगों ने प्रतिक्रिया दी। एक ने बताया कि सुबह के समय मिट्टी के तेल या डीजल जैसी गंध भारी ट्रैफिक, जनरेटर या फैक्ट्रियों से निकलने वाले धुएं के कारण हो सकती है। उन्होंने कहा कि यह पता लगाना जरूरी है कि क्या आसपास के दूसरे लोग भी इस गंध को महसूस कर रहे हैं, वहीं एक अन्य यूजर ने इसे मौसम में बदलाव के कारण हवा में फंसे प्रदूषण और औद्योगिक धुएं का असर बताया।
पहल
जूही ने जन्मदिन पर फैंस से मांगा पेड़ लगाने का तोहफा
जूही ने हाल ही में फैंस से एक खास तोहफा मांगा था। सोशल मीडिया पर उन्होंने लिखा था, 'मेरा जन्मदिन आ रहा है और मेरी बस एक छोटी सी इच्छा है कि आप एक पेड़ लगाएं। उसकी तस्वीर मुझे भेजें, मैं खुद आपको धन्यवाद कहूंगी।'
एक अन्य पोस्ट में उन्होंने लिखा, 'जो सबसे अच्छी चीजें हम पीछे छोड़ते हैं, वे लगातार बढ़ती रहती हैं, इसलिए इस महीने एक पेड़ जरूर लगाएं।'